'बेताब' और 'मर्द' जैसी फिल्मों से लोकप्रिय होने वाली अभिनेत्री अमृता सिंह मंगलवार को अपना 63वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने 80 के दशक में फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभाईं और सबसे मशहूर अभिनेत्रियों में से एक बन गईं। सनी देओल और अमिताभ बच्चन ही नहीं, बल्कि अनिल कपूर और संजय दत्त के साथ भी अमृता ने खूब काम किया। पर्दे पर अलग-अलग किरदार निभाकर उन्होंने अभिनय में अपना नाम ऊंचा किया और 90 के दशक की शुरुआत में ही अभिनेता सैफ अली खान से शादी करने के बाद फिल्मों से दूर हो गईं। एक दशक बाद उन्होंने फिल्मों में वापसी भी की और बेहतरीन काम भी किया। उनके जन्मदिन के मौके पर आइए हम आपको अमृता के कुछ बेहतरीन किरदारों के बारे में बताते हैं।
Amrita Singh Birthday: बड़े परदे की असल ‘दबंग’ अभिनेत्री, इन 10 किरदारों से समझिए पूरी पिक्चर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किरदार: रोमा
फिल्म : बेताब (1983)
अमृता सिंह ने अभिनय में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1983 में रिलीज हुई फिल्म 'बेताब' से की है। राहुल रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमृता के साथ अभिनेता सनी देओल मुख्य भूमिका में रहे। अमृता ने फिल्म में एक बिगड़ैल, घमंडी और दूसरों की इज्जत न करने वाली लड़की रोमा का किरदार निभाया है। रोमा और सनी देओल का किरदार सनी बचपन के दोस्त हैं लेकिन जवानी में मिलने पर वे एक दूसरे को पहचान नहीं पाते। हालांकि, कुछ मुलाकातों के बाद वह दोनों एक दूसरे को पहचान भी लेते हैं और प्रेम करने लगते हैं। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म के लिए सभी कलाकारों की खूब तारीफ हुई। यह फिल्म भी हर तरह से कामयाब रही।
किरदार : रूबी
फिल्म : मर्द (1985)
पहली फिल्म अच्छी तरह से सफल साबित हुई इसलिए अमृता के पास फिर काम की कमी नहीं थी। अगले ही साल अमृता ने सनी देओल के साथ 'सनी' फिल्म की तो 'दुनिया' फिल्म में वह ऋषि कपूर के साथ नजर आईं। उन्होंने अनिल कपूर के साथ वर्ष 1985 में 'साहेब' फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई। इसी साल उनकी एक और फिल्म 'मर्द' रिलीज हुई जिसमें अमृता की जोड़ी बनी अमिताभ बच्चन के साथ। मनमोहन देसाई के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा फिल्म में अमृता ने क्रूर मेयर हैरी की बेटी और अमिताभ बच्चन के किरदार राजू की प्रेमिका रूबी का किरदार निभाया। इस फिल्म से अमृता को खूब नाम मिला। यह इस साल की सबसे ज्यादा पैसे कमाने वाली फिल्म रही।
किरदार : चमेली
फिल्म : चमेली की शादी (1986)
वर्ष 1986 की कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'चमेली की शादी' में अमृता ने एक खुशमिजाज और मुंहफट लड़की चमेली का किरदार निभाया। बासु चटर्जी के निर्देशन में बनी यह फिल्म उस समय की महिला प्रधान फिल्मों में से एक रही और अमृता का किरदार भी महिलाओं की इच्छा की वास्तविकता दिखाता है। अमृता के साथ इस फिल्म में अनिल कपूर, अमजद खान, पंकज कपूर और राम सेठी मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी में चमेली और चरण दास (अनिल कपूर) दोनों अलग जाति के लोग हैं लेकिन प्रेम करने लगते हैं। दोनों लोग अपने परिवारों का विरोध झेलने के बावजूद एक वकील के जरिए शादी करने का रास्ता निकालने की कोशिश करते हैं।
किरदार : रीता
फिल्म : नाम (1986)
अमृता सिंह के करियर की एक और बड़ी फिल्म 1986 में 'नाम' रिलीज हुई। यहां अमृता अभिनेता संजय दत्त के किरदार विकी कपूर की प्रेमिका रीता की भूमिका में नजर आईं। विकी अच्छे और बुरे हर तरह के काम करता है और रीता उसके हर तरह के काम में साथ देती है। संजय दत्त और अमृता सिंह की यह पहली ही फिल्म रही और इस फिल्म के बाद दोनों काफी अच्छे दोस्त बन गए। महेश भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमृता और संजय के अलावा नूतन, कुमार गौरव, पूनम ढिल्लों और परेश रावल मुख्य भूमिकाओं में हैं। पंकज उधास ने इसी फिल्म में गाया है, 'चिट्ठी आई है, आई है, चिट्ठी आई है'।