अभिनेत्री बिपाशा बसु ने अपने करियर की शुरुआत अब्बास मस्तान की क्राइम थ्रिलर फिल्म 'अजनबी' से की है। इस फिल्म में बिपाशा के साथ अक्षय कुमार, बॉबी देओल और करीना कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए। फिल्म में बिपाशा ने एक नकारात्मक किरदार निभाया है और इस फिल्म में बेहतरीन अभिनय करने के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू के फिल्मफेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। बिपाशा की यह पहली रिलीज हुई फिल्म जरूर है लेकिन उन्होंने काम इस फिल्म में पहले शुरू नहीं किया था।
'अजनबी' नहीं इस फिल्म से होनी थी बिपाशा बसु की शुरुआत, अमिताभ बच्चन ने शूटिंग पर कर दिया था नर्वस
दरअसल, बिपाशा के मॉडलिंग करियर के दौरान ही उन्हें जेपी दत्ता की फिल्म 'आखिरी मुगल' ऑफर हुई थी। वह तो इस फिल्म में काम करना नहीं चाहती थीं लेकिन अभिनेत्री जया बच्चन ने उन्हें इस फिल्म को करने के लिए मनाया। दरअसल, इस फिल्म से ही अभिनेता अभिषेक बच्चन अपने करियर की शुरुआत करने वाले थे। इस फिल्म के पहले दिन की शूटिंग का किस्सा बिपाशा ने एक इंटरव्यू में साझा किया है। बिपाशा ने बताया, 'मैंने पहली बार 'आखिरी मुगल' फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। इस फिल्म से मैं और अभिषेक बच्चन दोनों ही अपने करियर की शुरुआत करने वाले थे।'
बिपाशा ने आगे कहा, 'मुझे अच्छी तरह याद है कि मैं उस समय बहुत डरी हुई थी। क्योंकि, शूटिंग के दौरान सेट पर अमिताभ बच्चन भी मौजूद थे और वह हमें अपना पहला शॉट देते हुए देख रहे थे। मैं बार-बार अभिषेक बच्चन से कह रही थी कि उन्हें जाने के लिए बोलो। लेकिन, अभिषेक का जवाब यही रहता है कि वह उनके पिताजी हैं। वह कैसे उन्हें जाने के लिए बोल सकते हैं? जब मुझे जेपी दत्ता और जया बच्चन ने इस फिल्म के लिए तैयार किया तब मुझे अपने ऊपर भरोसा नहीं था कि मैं अभिनय कर भी सकती हूं या नहीं लेकिन, मैं उन्हें न नहीं कर पाई। मैं इस बात को मानती हूं कि जब 'आखिरी मुगल' फिल्म बंद हुई तो मैं इससे बहुत खुश थी। यह थोड़ा अजीब लगता है लेकिन मैं हमेशा से ही ऐसी थी।'
जब यह फिल्म बंद हो गई तब जेपी दत्ता ने फिल्म की पूरी पटकथा को ही बदल दिया। तब उन्होंने उस नई पटकथा के साथ फिल्म 'रिफ्यूजी' बनाई। उसमें अभिषेक बच्चन के साथ अभिनेत्री करीना कपूर ने अपने करियर की शुरुआत की। हालांकि, इस फिल्म में भी बिपाशा को एक किरदार ऑफर हुआ था जिसमें वह अभिनेता सुनील शेट्टी की प्रेमिका बनतीं लेकिन, उन्होंने इस किरदार के लिए मना कर दिया। बिपाशा को तो फिल्में पहले से ही मिलना शुरू हो गई थीं। उस समय वह सुपरमॉडल कॉन्टेस्ट की हिस्सा थीं तभी उस प्रतियोगिता के जज रहे अभिनेता विनोद खन्ना उन्हें अपने बेटे अक्षय खन्ना के साथ फिल्म 'हिमालय पुत्र' में लॉन्च करना चाहते थे। लेकिन, बिपाशा ने वह फिल्म भी ठुकरा दी। उन्हें लगा कि वह अभी बहुत छोटी हैं। तब इस किरदार को अंजला जावेरी ने निभाया।
इन दोनों फिल्मों के ठुकराने के बाद बिपाशा के पास आई फिल्म 'अजनबी'। बिपाशा ने बताया है कि उनका इस फिल्म को करने का मकसद कुछ और था। दरअसल, इस फिल्म की शूटिंग स्विटजरलैंड में होने वाली थी। उनका इस फिल्म को करने का मकसद सिर्फ घूमना फिरना था, अभिनय करना नहीं। उन्हें तो पता भी नहीं था कि अभिनय आखिर होता क्या है? बिपाशा ने कहा, 'फिल्म में मेरा पहला सीन वह था जब करीना और मेरा किरदार जॉगिंग ट्रैक पर पहली बार मिलते हैं। यह सीन बहुत अच्छे से हो गया जिस पर अब्बास मस्तान बोले कि मैं तो एक प्राकृतिक कलाकार हूं। तब मैंने अपने मन में ही सोचा कि अगर यह अभिनय है तो इसे मैं कर सकती हूं। भले ही मैंने उस फिल्म में एक नकारात्मक किरदार निभाया लेकिन उसके लिए मुझसे फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।'