मार्च खत्म होने को है। इस महीने कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी। इनमें कुछ फिल्में टिकट खिड़की पर कमाल दिखाने में कामयाब रहीं तो कुछ अच्छी कमाई करने में असफल रहीं। हाल ही में गॉडजिला x कॉन्ग और क्रू भी बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है। आइए जानते हैं जानते हैं कि कौन सी फिल्म ने शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन किया है।
Box Office Report: बॉक्स ऑफिस पर 'गॉडजिला x कॉन्ग' का धमाकेदार आगाज, क्रू ने भी की जबर्दस्त कमाई
गॉडजिला x कॉन्ग: द न्यू एंपायर लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रिलीज हो गई। फिल्म का निर्देशन एडम विंगर्ड ने किया है। यह फिल्म 2021 में बनी फिल्म गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग की अगली कड़ी और मॉन्स्टरवर्स में पांचवीं फिल्म है। पहले दिन फिल्म को शानदार ओपनिंग मिली है। फिल्म ने भारत में शुक्रवार को 13.8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
तब्बू, करीना कपूर खान और कृति सेनन की फिल्म क्रू ने भी इस हफ्ते सिनेमाघरों में दस्तक दी है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही लोगों को इसका बेसब्री से इंतजार था। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआज जबर्दस्त रही है। ओपनिंग डे पर फिल्म ने आठ करोड़ 75 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म की कमाई में दूसरे और तीसरे दिन अच्छा उछाल देखने को मिल सकता है।
'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' की उम्मीद के मुताबिक दर्शकों का प्यार नहीं मिल सका है। रणदीप हुड्डा की जबर्दस्त अदाकारी के बावजूद फिल्म ने अब तक कुछ खास कमाई नहीं की है। फिल्म ने आठवें दिन महज एक करोड़ 15 लाख रुपये की कमाई की। अब फिल्म का कुल कारोबार 12.50 करोड़ रुपये हो गया है।
कॉमेडी फिल्म होने के बावजूद मडगांव एक्सप्रेस लोगों पर अपना जादू चलाने में असफल रही है। आठवें दिन फिल्म की कमाई लाखों में सिमट कर रह गई। दूसरे शुक्रवार को इस फिल्म ने 85 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कारोबार 14.35 करोड़ रुपये हो गया है।