कोरोना के इस दौर में कई लोगों ने अपना परिवार खोया है तो किसी परिवार ने अपने खास सदस्य खो दिए हैं। और इन खबरों का सिलसिला लगातार जारी है। आमलोगों से लेकर बॉलीवुड तक कुछ यही हाल बना हुआ है। अब ‘सांड की आंख’ फेम बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू ने एक दुखद जानकारी देते हुए बताया है कि शूटर दादी के नाम से विख्यात चंद्रो तोमर नहीं रहीं।
‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर का कोरोना से निधन, तापसी पन्नू ने फोटो शेयर कर जताया दुख
सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार शूटर दादी जिन्होंने बागपत जिले का नाम दुनिया भर में रोशन किया वह अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उनका निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि चंद्रो तोमर का निधन कोरोना के कारण हुआ है। कुछ दिन पहले वे खतरनाक वायरस कोविड 19 की चपेट में आ गई थीं।
For the inspiration you will always be...
— taapsee pannu (@taapsee) April 30, 2021
You will live on forever in all the girls you gave hope to live. My cutest rockstar May the ✌🏼 and peace be with you ❤️ pic.twitter.com/4823i5jyeP
इसको लेकर अभिनेत्री तापसी पन्नू ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर से ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा ‘प्रेरणा के लिए आप हमेशा रहेंगी। आप उन सभी लड़कियों के लिए हमेशा जिंदा रहेंगी जिन्हें आपने जीने की उम्मीद दी थी। मेरी सबसे प्यारी रॉकस्टार। ईश्वर आत्मा को शांति दे।’
इस पोस्ट के साथ ही तापसी पन्नू ने अपनी एक फोटो शेयर की है, जिसमें शूटर दादी दिखाई दे रही हैं। दोनों एक देसी खाट पर बैठी हुई हैं। तस्वीर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि शूटिंग के दौरान अभिनेत्री तापसी शूटर दादी से काफी लगाव रखती थीं। दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग देखी जा रही है।
बता दें कि फिल्म ‘सांड की आंख’ शार्पशूटर चंद्रो और प्रकाशी तोमर के जीवन पर आधारित थी। यह तुषार हीरानंदानी द्वारा निर्देशित और अनुराग कश्यप, रिलायंस इंटरटेनमेंट और निधि परमार द्वारा निर्मित थी। फिल्म में भूमि पेडनेकर, तापसी पन्नू और प्रकाश झा मुख्य भूमिका में थे।
