साल की पहली छमाही में दर्शक जी भरके सिनेमा देख रहे हैं। ओटीटी पर लोगों का जाना कम हुआ है। अब यार दोस्तों और घरवालों के साथ सिनेमाघरों में फिल्म देखने का अपना ही मजा है। लेकिन, हिंदी सिनेमा दर्शकों के इस नए उछाह का फायदा लेता दिख नहीं रहा। फिल्म बनाने के बाद हिंदी फिल्मों के सितारे दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए तरह तरह के जुगाड़ कर रहे हैं और दर्शक हैं कि बिना अच्छी कहानी और बिना बेहतर प्रस्तुतीकरण की गारंटी मिले सिनेमाघरों तक आने को तैयार नहीं है। एक्शन उन्हें पसंद नहीं आ रहा और आठ साल बाद लौटे ‘एक विलेन’ को इसीलिए म्यूजिकल फिल्म बताकर खूब प्रमोट किया जा रहा है। हालांकि, यहां नवी मुंबई के इनॉर्बिट मॉल में दर्शक पूरे समय जॉन अब्राहम का ही इंतजार करते रहे।
Ek Villain Returns: क्या गुब्बारों के रिकॉर्ड से बरसेगी कृपा, 'एक विलेन रिटर्न्स' का गाना प्रमोट करने नहीं पहुंचे जॉन अब्राहम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुब्बारों की बारिश का रिकॉर्ड
फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न्स’ के कलाकार शनिवार को नवी मुंबई में वाशी के इनऑर्बिट मॉल पहुंचे थे गुब्बारों का रिकॉर्ड बनाने। आठ हजार पीले गुब्बारों की बारिश के साथ फिल्म के गाने को मॉल में मौजूद तमाम दर्शकों के बीच सेलिब्रेट किया गया। अपने पसंदीदा कलाकार की झलक पाने के लिए मॉल में दर्शक खचाखच भरे हुए थे। इस आयोजन में कलाकारों को बैलून ड्रॉप के साथ जादू करते हुए देखकर दर्शकों ने भी गाना गुनगुनाने में उनका साथ दिया।
जॉन अब्राहम के नाम पर उछले दर्शक
मॉल में बने स्टेज पर अर्जुन कपूर, दिशा पटानी और तारा सुतारिया को बुलाया गया। पहले से ही तय था कि इस कार्यक्रम में यही तीनों कलाकार भाग लेने वाले हैं। लेकिन वहां जुटी तमाशबीन शायद इस बात से अनजान थे। जैसे ही स्टेज पर एंकर ने जॉन अब्राहम के नाम की घोषणा की तो उनके प्रशंसक खुशी से झूम उठे। मीडिया कर्मियों को भी लगा शायद स्टेज पर जॉन की एंट्री सरप्राइज रखा गया है।
जॉन को न देख निराश हुए प्रशंसक
जैसे ही स्टेज पर एंकर ने जॉन अब्राहम के नाम की घोषणा की, उनके प्रशंसकों ने ताली और सीटी बजाकर पूरे जोश के साथ उनका स्वागत करना चाहा लेकिन एक पल में ही सबका जोश ठंडा पड़ गया। स्टेज पर जॉन नहीं आए। प्रशंसकों के लिए उनका एक वीडियो संदेश बड़े स्क्रीन पर चलाया गया। वीडियो संदेश में उन्होंने अपने प्रशंसकों का आभार जताया।
आगे भी शायद न दिखें जॉन
पूरे कार्यक्रम के दौरान इस बात को लेकर खुसुर पुसुर होती रही कि जॉन अब्राहम 'एक विलेन रिटर्न्स' के प्रमोशन हिस्सा शायद ही लें। उनकी नई फिल्म ‘तेहरान’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है और 'एक विलेन रिटर्न्स' को पूरी तरह से अर्जुन कपूर की फिल्म की तरह ही प्रमोट किया जा रहा है। जब फिल्म का ट्रेलर लांच हुआ था तब भी मीडिया के ज्यादातर सवालों के जवाब अर्जुन कपूर ने ही दिए और जॉन अब्राहम ने तब इशारा भी किया कि ये अर्जुन कपूर का दिन है।