स्याह किरदारों की दुनिया से निकलकर अभिनेता इमरान हाशमी एक कॉमेडी फिल्म करने जा रहे हैं। इस कॉमेडी फिल्म का नाम 'सब फर्स्ट क्लास' होगा और इस फिल्म की कहानी एक आम आदमी की महत्वाकांक्षाओं और उसके सपनों के इर्द-गिर्द घूमेगी। फिल्म का निर्देशन संभालेंगे फिल्म 'मुबारकां' और 'सांड की आंख' की पटकथा लिखने वाले बलविंदर सिंह जंजुआ।
अरसे बाद इमरान हाशमी के चेहरे पर दिखेगी मुस्कान, वीडियो कॉल पर साइन की ये अतरंगी फिल्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलविंदर ने इस फिल्म की कहानी लिखी है और उन्होंने यह कहानी इमरान हाशमी को लॉकडाउन के दौरान ही सुनाई थी। कहानी सुनने के साथ ही इमरान को विचार पसंद आया और उन्होंने तुरंत हां भी कर दी। इस फिल्म के बारे में इमरान बताते हैं कि यह कहानी हास्यास्पद तो है, साथ ही एक आम आदमी की संवेदनाओं को भी व्यक्त करती है। यह कहानी बताती है कि कोई भी आम आदमी अपनी इच्छाओं को पूरी करने के लिए किस हद तक जा सकता है?
इमरान बताते हैं कि यह कहानी एक ऐसे आदमी की है जो अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए अपने परिवार को खोने के लिए तैयार होता है। वह समाज में बदनाम भी होता है और वह ऐसी स्थिति में पहुंच जाता है जहां से उसे बाहर निकलने का कोई रास्ता दिखाई नहीं देता। यह कॉमेडी से भरी हुई है लेकिन साथ ही इसमें कुछ संवेदनाओं के क्षण भी हैं। इमरान के अनुसार उन्होंने इस तरह के किरदार पर पहले कभी काम नहीं किया है।
बलविंदर ने भी बताया कि इस कहानी को सुनने के बाद इमरान तुरंत हरकत में आ गए थे। लॉकडाउन के दौरान वीडियो कॉल पर ही इस पटकथा पर चर्चा हुई थी। और, यह इतनी जल्दी हो गया कि शायद ही किसी ने इतनी जल्दी किसी पटकथा के लिए कोई अभिनेता चुना होगा। इमरान और बलविंदर दोनों ही इस फिल्म को बनाने के लिए बेहद उत्साहित लग रहे हैं।
इमरान हाशमी को ज्यादातर गंभीर किरदारों के लिए जाना जाता है। वह शुरुआत से ही एक्शन, सस्पेंस, थ्रिलर जॉनर वाली फिल्मों में काम करते रहे हैं। भविष्य में भी उनकी जो फिल्म 'चेहरे' आने वाली है, वह भी एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है। इस फिल्म में वह अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा वह जॉन अब्राहम, सुनील शेट्टी और जैकी श्रॉफ के साथ एक गैंगस्टर ड्रामा फिल्म 'मुंबई सागा' में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।