राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया ने फिल्म जगत में खूब नाम कमाया। राजेश खन्ना बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार बने तो वही उनकी पत्नी और अभिनेत्री डिंपल कपाड़ियां ने भी अपनी अदायगी से सबका दिल जीत लिया। लेकिन कहते हैं न कि बॉलीवुड ऐसी जगह है जहां हर किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता। दर्शकों को इस बात से बिलकुल फर्क नहीं पड़ता कि आप किसके बच्चे हैं वो तो सिर्फ अभिनेता का अभिनय ही देखते हैं। आज के दौर में कई ऐसे अभिनेता है जिन्होने बाहर से आकर बॉलीवुड में एक अलग जगह बनाई है तो वही कई कलाकार ऐसे भी हैं जो बतौर अभिनेता या अभिनेत्री सफल नहीं हुए और इन्हीं कलाकारों में से एक हैं राजेश खन्ना की दूसरी बेटी।
जन्मदिन: गोविंदा के साथ रिंकी खन्ना ने दी थी सुपरहिट फिल्म, आज फिल्मों से दूर कर रही हैं ये काम
इस फिल्म से की थी अपनी शुरुआत
27 जुलाई 1977 में जन्मी राजेश खन्ना और डिम्पल कपाड़िया की बेटी रिंकी खन्ना ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘प्यार में कभी कभी से की थी। ये फिल्म 1999 में रिलीज हुई थी। उसके बाद रिंकी को गोविंदा के साथ ‘जिस देश में गंगा रहता है’ में काम करने का मौका मिला, लेकिन इस फिल्म के बाद भी रिंकी का सिक्का बॉलीवुड में नहीं चल। उन्होने फिल्म जगत में सिर्फ चार साल काम किया और अपने करियर में सिर्फ 9 फिल्में की। साल 2004 में उन्होने चमेली में काम किया था उसके बाद रिंकी खन्ना ने बॉलीवुड को अलविदा कह दिया।
रिंकी नहीं रिंकल था असली नाम
डिम्पल कपाड़िया और राजेश खन्ना की लाड़ली रिंकी खन्ना का असली नाम रिंकी नहीं बल्कि रिंकल खन्ना था लेकिन उन्होने अपना नाम बदलकर रिंकल से रिंकी कर लिया। बता दें कि रिंकी ने हिन्दी के साथ-साथ कई तमिल फिल्मों में काम किया इसके अलावा उन्होने हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में कई नाटकों में भी काम किया।
साल 2003 में रचाई शादी
बड़ी बहन ट्विंकल खन्ना ने जहां बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार से शादी रचाई तो रिंकी ने बॉलीवुड सितारे को छोड़कर एक बिजनेसमैन से शादी की। साल 2003 में उन्होने समीर सरन के साथ सात फेरे लिए और वो अपने पति के साथ लंदन में ही शिफ्ट हो गईं। रिंकी खन्ना ने साल 2004 में एक बेटी को जन्म दिया और उसके कुछ सालों के बाद एक बेटे को।
सोशल मीडिया से दूर हैं रिंकी खन्ना
ट्विंकल खन्ना जितना अधिक सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं उनकी छोटी बहन रिंकी खन्ना उतना ही फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया से भी दूर हैं। उनके बारे में कभी कोई खबर सुनने नहीं मिलती। रिंकी अपने पारिवारिक जिंदगी में व्यस्त हैं। आज के समय में भले ही वह पर्दे से दूर हों, लेकिन उनका गाना 'मुसमुस सुहासी' आज भी लोगों की जुबान पर है। ये गाना उनकी फिल्म प्यार में कभी कभी का है। इस फिल्म में डिनो मोरिया ने भी काम किया था। जन्मदिन के इस खास मौके पर रिंकी खन्ना को अमर उजाला की टीम की तरफ से ढेरों बधाई।