दुनिया में चल रहे इस कोरोना काल के बीच सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए एक और हिंदी फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है। जी हां, अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने कुछ समय पहले एक वीडियो साझा करके घोषणा की थी के वह अभिनेत्री संजीदा शेख के साथ एक क्राइम थ्रिलर फिल्म 'कुन फाया कुन' की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। इस फिल्म की शूटिंग नवंबर में शुरू हुई और दिसंबर से होते हुए अब जनवरी में आकर पूरी भी हो गई।
‘तैश’ की जोड़ी ने पूरी की अपनी अगली फिल्म, पिछली फिल्म का भी निर्माताओं ने चुका दिया बकाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म 'कुन फाया कुन' का निर्देशन कुषाण नंदी ने किया है और इसके निर्माता हैं नईम ए सिद्दीकी और किरण श्याम श्रॉफ। यह वही टीम है जिसने 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' फिल्म बनाई और पिछले साल नवाजुद्दीन सिद्दीकी को लेकर एक फिल्म 'जोगीरा सारा रा रा' की घोषणा भी की। उस फिल्म का फिलहाल कोई अता पता नहीं लेकिन इस टीम ने हर्षवर्धन राणे और संजीदा शेख के साथ मिलकर अपनी 'कुन फाया कुन' फिल्म जरूर पूरी कर ली है। उधर, नवाजुद्दीन सिद्दीकी सोमवार को ही अपनी फिल्म ‘संगीन’ की शूटिंग करने लंदन रवाना हो चुके हैं।
फिल्म 'कुन फाया कुन' के निर्माता और निर्देशक पर सिने मजदूरों की फेडरेशन ने आरोप लगाया था कि उनके कर्मचारियों के काम का पैसा फिल्म 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' के निर्माताओं ने नहीं चुकाया है। एक पत्र जारी करके फेडरेशन ने यह भी कहा था कि जब तक निर्माता कर्मचारियों के बकाए का भुगतान नहीं करते तब तक वह अपनी अगली फिल्म की शूटिंग नहीं कर सकते। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडियन सिने एम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई) के महासचिव अशोक दुबे के मुताबिक इस पत्र के बाद निर्माताओं ने बकाये का भुगतान दे दिया है और फेडरेशन की तरफ से निर्माताओं को एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) भी जारी किया जा चुका है।
फिल्म 'कुन फाया कुन' की शूटिंग खत्म करके इसके निर्देशक कुषाण नंदी बहुत खुश हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए वह कहते हैं, 'एक टीम के रूप में हमने फिल्म 'कुन फाया कुन' की शूटिंग शुरू की और खत्म भी कर ली। वह भी ऐसे वक्त में जब दुनिया में महामारी हावी है। हमारे सामने कई चुनौतियां थीं लेकिन हमने सफलतापूर्वक अपने प्रोजेक्ट की शूटिंग को अंजाम दिया। और अब इस प्रोजेक्ट को दर्शकों के सामने लाने को लेकर इंतजार नहीं होता। हमने यह फिल्म बहुत प्यार से बनाई है।'
उधर, अभिनेता हर्षवर्धन राणे अपने बयान में कहते हैं, 'फिल्मों के लिए यह समय बहुत अलग है क्योंकि यहां कहानी बताना और सामग्री को पेश करना काफी अनोखा है। मुझे बहुत खुशी है कि मैं 'कुन फाया कुन' फिल्म का हिस्सा बन पाया। अपनी फिल्म 'तैश' की सह कलाकार संजीदा शेख के साथ एक बार फिर से काम करना मेरे लिए बहुत खुशी की बात रही। और कुषाण नंदी के निर्देशन में काम करने से मुझे अपने आप पर भी काम करने का खूब मौका मिला। मुझे आशा है कि हम दर्शकों को रोमांचित करने में कामयाब रहेंगे।'