ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘वॉर’ को रिलीज हुए साल पूरा हो गया। पिछले साल दो अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी और यह बीते साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बनी। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित इस फिल्म में देश के दो सबसे बड़े एक्शन सुपरस्टार्स ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ एक-दूसरे के आमने-सामने थे। देश में करीब 320 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म की पहली सालगिरह पर आनंद कहते हैं कि वह और आदित्य चोपड़ा फिल्म ‘वॉर’ के साथ भारत में एक्शन फिल्मों के लिए एक नया मापदंड स्थापित करना चाहते थे और दर्शकों ने इस फिल्म को जो प्यार दिया, इसकी वजह से ही वे दोनों इसमें कामयाब भी रहे।
'वॉर' की पहली सालगिरह पर इसके निर्देशक ने किया खुलासा, इस फिल्म से था उनके एक्शन का कंपटीशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिद्धार्थ बताते हैं, ‘‘जब हमने शुरूआत की और ‘वॉर’ की पटकथा लिखी जा रही थी, मैं उसे अंग्रेजी फिल्म की तरह लिख रहा था। उसमें गीत नहीं थे, उसकी भाषा बिलकुल नई थी। जब मैं भाषा की बात करता हूँ, तो मेरा मतलब फिल्म में बोली जा रही भाषा से नहीं है, मैं फिल्म की भाषा की बात कर रहा हूँ, यानी जिस तरह फिल्म के दृश्य आगे बढ़ते हैं, उन्हें प्रस्तुत करने का तरीका। हमें यह सोचकर सब कुछ तैयार करना था कि वह दो साल बाद फिल्म रिलीज होने के वक्त बिल्कुल प्रासंगिक लगे, फिर चाहे हर दृश्य का कंटेन्ट हो, या स्क्रीनप्ले का अंदाज, यह सब थोड़ा कठिन था और जिस तरह चीजें आगे बढ़ रही थीं, वह लगातार थ्रिलर जैसी थीं। मुझे यह भी नहीं पता था कि दो साल बाद दर्शक आखिर क्या देखना पसंद करेंगे, मुझे मौजूदा ट्रेंड्स के हिसाब से दर्शकों की उभरती पसंद के अनुरूप कंटेन्ट लेकर आना था।”
'वॉर' की कास्टिंग के बारे में पूछे जाने पर सिद्धार्थ बताते हैं, ‘‘जब फिल्म आई, तो अच्छी बात यह थी कि हमारे प्रयासों के अनुसार वह बहुत ही प्रासंगिक और समकालीन थी। जब फिल्म के लिए कास्टिंग हो रही थी, तब ऋतिक और टाइगर मेरे दिमाग में थे- और बाकी काम अपने आप हो गया! यह कास्ट सपने जैसी थी और हमें उम्मीद नहीं थी कि यह दोनों सुपरस्टार्स एक साथ आएंगे। आजकल फिल्म के लिये एक्टर ढूंढना बहुत कठिन है और दो सुपरस्टार्स मिलना तो सपने जैसा है। इसलिये उस फिल्म से उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं।’’
सिद्धार्थ ने हमेशा अपने सिनेमा के जरिए दर्शकों को कुछ नया दिया है। ‘सलाम नमस्ते’, ‘ता रा रम पम’, ‘बैंग बैंग’ और फिर ‘वॉर’ में उन्होंने पर्दे पर नयापन लाने की अपनी कोशिशें दिखाई हैं। वह कहते हैं, ‘‘चूंकि हमारे पास दो एक्शन सुपरस्टार्स थे, इसलिये हमें एक मापदंड बनाना था। जब मैंने साल 2012 से एक्शन फिल्में बनाना शुरू किया, तब मुझे केवल यह पता था कि भारत में मेरे लिये कोई मापदंड या आदर्श नहीं था। क्योंकि मुझे नहीं लगता कि हम भारत में कई एक्शन फिल्में या अच्छी एक्शन फिल्में बनाते हैं। मैं अपनी पिछली एक्शन फिल्मों से बेहतर करना चाहता था। मेरा कंपटीशन ‘बैंग बैंग’ के एक्शन से था। इलमें में हमने बहुत कुछ नया किया था और मैं उससे बेहतर करना चाहता था और दर्शकों को उससे कुछ ज्यादा देना चाहता था और ‘वॉर’ के जरिये बहुत कुछ दे सका।’’
‘वॉर’ बनाते समय यशराज फिल्म्स के प्रमुख आदित्य चोपड़ा के साथ सिद्धार्थ की जो रचनात्मक चर्चाएं हुईं, उनके बारे में सिद्धार्थ कहते हैं, ‘‘बड़ी एक्शन फिल्म बनाने के लिये प्रोड्यूसर सबसे महत्वपूर्ण होता है। और हमारे पास आदि (आदित्य) थे, जो एक बेहतरीन प्रोड्यूसर हैं। वे फिजूलखर्ची नहीं करते हैं, पर इस बात का पूरा ध्यान रखते हैं कि पैसा अच्छी तरह और बिल्कुल सही जगह खर्च हो। और आप जो खर्चा करते हैं, वह स्क्रीन पर दिखता भी है। तो मेरे पास ऐसा प्रोड्यूसर था, जिसने दर्शकों को ऐसी फिल्म देने में संकोच नहीं किया, जैसी उन्होंने पहले कभी नहीं देखी थी और जो उनकी उम्मीदों से ज्यादा थी।’’
पढ़ें: Bigg Boss 14: सलमान खान के शो का हिस्सा रह चुके हैं ये सात समलैंगिक सितारे, खूब बटोरी थीं सुर्खियां