‘कितने अजीब रिश्ते हैं यहां पे’ इस गाने के ये बोल बॉलीवुड सितारों की शादी-शुदा जिंदगी पर एकदम फिट बैठते हैं। बॉलीवुड में कब किसके तलाक की खबर सामने आए इस बात का अंदाजा लगाना बहुत ही मुश्किल है। हाल ही में आमिर खान और किरण राव ने अपनी 15 साल पुरानी शादी को तोड़ दिया। ये जोड़ी साल 2005 में शादी के बंधन में बंधी थी। इनके तलाक की खबर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए ये पूछा कि अगर इन दोनों की शादी में सब कुछ सही था तो उन्होंने इतना बड़ा फैसला क्यों लिया। बता दें कि शनिवार को इन दोनों ने एक बयान जारी किया था, जिसमें उन्होंने अपने अलग होने की खबर दी थी। इस बयान में उन्होंने ये भी कहा था कि वो आपसी सहमति से ये फैसला ले रहे हैं।
इन सितारों के तलाक की खबर से फैंस को लगा था झटका, टूट गया था 'परफेक्ट' कपल वाला सपना
ऋतिक रोशन-सुजैन खान
ऋतिक रोशन और सुजैन खान का तलाक बॉलीवुड में सबसे अधिक चौंकाने वाला था। साल 2000 में शादी के बंधन में बंधे ऋतिक रोशन और सुजैन खान ने अपनी 13 साल की शादी के बाद साल 2014 में अलग होने का फैसला किया था। इनके अलग होने के फैसले ने प्रशंसकों का दिल पूरी तरह तोड़ दिया। हालांकि इन दोनों ने ये फैसला आपसी सहमति से लिया था। ऋतिक के साथ रिश्ता टूटने को लेकर सुजैन ने कई खुलासे किए थे। सुजैन ने कहा था, 'हम जीवन के एक ऐसे स्तर पर पहुंच गए थे, जहां यह तय करना जरूरी हो गया था कि अब साथ रहना मुमकिन नहीं है, यही कारण था कि झूठ के सहारे हम साथ नहीं रहना चाहते थे।' इसके साथ ही सुजैन ने ये भी कहा था कि वो दोनों हमेशा दोस्त हैं। उन्होने कहा, 'हमारे आपसी रिश्ते में कितने भी मतभेद हो, लेकिन इसका असर वो अपने बच्चों की परवरिश पर नहीं होने देते। हम दोनों एक दूसरे का सम्मान करते हैं। बता दें कि ऋतिक और सुजैन का रिश्ता भले ही टूट गया हो, लेकिन आज भी अपने बच्चों के साथ ये दोनों साथ छुट्टियां मनाने के लिए जाते हैं। इस तलाक का जिम्मेदार कंगना रणौत के साथ ऋतिक के एक्सट्रा मैरिटल अफेयर को माना जाता है। एक तरफ जहां सुजैन ने कहा कि कंगना का इसमें कोई कसूर नहीं हैं, तो वही दूसरी तरफ कंगना ने सुजैन के अलग होते ही ऋतिक रोशन पर कई आरोप लगाए थे।
मलाइका अरोड़ा-अरबाज खान
अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा खान 1993 में एक एड शूट के दौरान मिले थें। इस दौरान इनके बीच प्यार हुआ और पांच साल तक रिश्ते में रहने के बाद इन दोनों ने 12 दिसंबर 1998 को क्रिश्चियन और मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी की। हालांकि साल 2017 में इन दोनों ने अपनी 18 साल की शादी को खत्म करने का फैसला करके न सिर्फ खान खानदान बल्कि आम जनता को भी काफी हैरान कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी के कुछ साल के बाद ही इन दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी थी और इनका रिश्ता नाजुक दौर से गुजर रहा था। कहा जाता है कि अरबाज की आईपीएल में सट्टा लगाने की आदत से मलाइका परेशान रहती थीं, जिसे लेकर इन दोनों के बीच काफी झगड़े होते थे। तो वही रिपोर्ट्स के मुताबिक अरबाज खान के साथ शादी के बंधन में रहते हुए मलाइका अरोड़ा अर्जुन कपूर को डेट कर रही थीं, इनकी नजदीकियां सवालों के घेरे में आई थीं। हालांकि एक-दूसरे से तलाक के बाद ये दोनों ही अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। एक तरफ जहां अरबाज जॉर्जिया एंड्रियानी को डेट कर रहे हैं। तो वहीं दूसरी मलाइका ने भी अर्जुन के साथ अपना रिश्ता ऑफिशियल कर दिया है।
अर्जुन रामपाल – मेहर जेसिया
अर्जुन रामपाल ने सुपरमॉडल मेहर जेसिया से साल 1998 में शादी रचाई थी। इन दोनों की दो बेटियां भी हैं, जो इनके तलाक के बाद अपनी मां के साथ ही रहती हैं। अपनी 20 साल की शादी के बाद इन दोनों ने साल 2018 में अलग होने की घोषणा की थी। अपने आधिकारिक बयान में इन दोनों ने कहा था कि 20 साल की खूबसूरत शादी के बाद ये दोनों अपने रास्ते अलग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हमें लगता है कि अब हमारा अलग-अलग मंजिल की ओर मुड़ने का वक्त आ गया है। हम एक-दूसरे के साथ हमेशा खड़े रहे हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। मेहर से अलग होने के बाद अर्जुन विदेशी मॉडल गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ हैं, इन दोनों ने अब तक शादी नहीं की है और ये लिवइन में रहते हैं। अर्जुन और गैब्रिएला का एक बेटा है।
फरहान अख्तर- अधुना भबानी
अधुना एक जानी मानी सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट और 'बी ब्लंट' सैलून की मालकिन हैं। फरहान अख्तर और अधुना भबानी की पहली मुलाकात साल 1997 में जुहू के एक क्लब में हुई थी। तीन सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद फरहान अख्तर और अधुना भबानी ने साल 2000 में शादी कर ली थी। लेकिन साल 2017 में इन दोनों ने अपने प्यार भरे खूबसूरत रिश्ते को खत्म कर दिया। इनके अलग होने की खबर से प्रशंसक काफी निराश हुए थे। इन दोनों के अलग होने की वजह इन दोनों के आपसी मतभेद कहे जाते हैं। लेकिन साथ ही ये भी खबर थी कि ऋद्धा कपूर संग फरहान का अफेयर इस शादी के टूटने की वजह बना था। अब फरहान और अधुना दोनों ही अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। एक तरफ जहां फरहान शिबानी दांडेकर के साथ रिश्ते में हैं तो वही रिपोर्ट्स के मुताबिक अधुना भी निकोलो मोरिया को डेट कर रही हैं। बता दें कि निकोलो डिनो मोरिया के भाई हैं। फरहान अख्तर और अधुना आज भी अच्छे दोस्त हैं।
