मंदिरा बेदी के पति और फिल्ममेकर राज कौशल ने 30 जून को आखिरी सांस ली। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था। अब पति के निधन के पांच दिन बाद मंदिरा बेदी ने सोशल मीडिया पर उनकी कुछ यादें ताजा की हैं और राज को याद कर रही हैं। उन्होंने पति संग पुरानी फोटो शेयर की है। ये तस्वीरें किसी पार्टी की हैं। साथ ही इसके कैप्शन में उन्होंने दिल टूटने वाला इमोजी भी बनाया है।
पति राज कौशल की यादों में खोईं मंदिरा बेदी, निधन के पांच दिन बाद का ये पोस्ट दिल तोड़ देगा
इससे पहले मंदिरा बेदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल को डिलीट कर दिया था। उन्होंने बिना कुछ लिखे पति के निधन पर शोक व्यक्त किया था। बता दें, मौत से दो दिन पहले तक राज सोशल मीडिया पर एक्टिव थे और उन्होंने दोस्तों के साथ पार्टी की तस्वीरें शेयर की थीं। ऐसे में अचानक उनका चला जाना सभी को हैरान कर गया।
राज पेशे से डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे। उन्होंने प्यार में कभी-कभी, शादी का लड्डू जैसी फिल्मों को डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया है। राज कौशल की मौत की खबर ने लोगों को चौंका दिया। बीते दिनों मंदिरा बेदी अपने पति का अंतिम संस्कार करती नजर आईं। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं।
राज कौशल को जब दिल का दौरा पड़ा मंदिरा उनके साथ ही थीं। राज ने 29 जून की शाम को मंदिरा को बताया था कि उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने एसिडिटी दूर करने की कुछ दवाइयां भी खाई थीं। इसके बाद 30 जून की सुबह उन्हें हार्ट अटैक आ गया। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया जाता उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मंदिरा और राज की शादी 14 फरवरी 1999 को हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात 1996 में मुकुल आनंद के घर पर हुई थी।दोनों का एक बेटा और एक बेटी है। राज और मंदिरा ने पिछले साल ही बेटी तारा को गोद लिया था।
