फिल्म ‘रूही’ की रिलीज के दौरान ‘अमर उजाला’ से बातचीत करते हुए अभिनेता राजकुमार राव ने जिस ड्रामा फिल्म की तरफ इशारा किया था, उस फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। हिंदी सिनेमा का टर्निंग प्वाइंट मानी जाने वाली फिल्म ‘अंधाधुन’ की टीम ही इस फिल्म को भी बना रही है। फिल्म का नाम रखा गया है ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ और इसकी शूटिंग की एक झलक फिल्म ‘कारवां’ के इसी बोल वाले सुपरहिट गाने के साथ बुधवार को सामने आई है। फिल्म के निर्माता संजय राउतरे ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि फिल्म की कहानी बहुत ही अतरंगी है और उन्हें उम्मीद है कि फिल्म ‘अंधाधुन’ को अपना बेइंतहा प्यार देने वाले दर्शक इस फिल्म को भी पसंद जरूर करेंगे। ये फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी।
टीम ‘अंधाधुन’ का मनोरंजन दुनिया में नया धमाका, राजकुमार राव के साथ शुरू हुई फिल्म ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिंदी सिनेमा में लीक से इतर फिल्में बनाने का इरादा लेकर उतरी मैचबॉक्स पिक्चर्स ने अपनी नई डिजिटल शाखा मैचबॉक्स शॉट्स का शुभारंभ फिल्म ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ से किया है। इस फिल्म में राजकुमार राव के अलावा हुमा कुरैशी, राधिका आप्टे, सिकंदरखेर, भगवती पेरुमल, आकांक्षा रंजन कपूर, सुकांत गोयल और जैन मैरी खान भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ के बारे में बताया गया कि ये एक ब्लैक कॉमेडी होगी जिसमें संभ्रांत कहे जाने वाले कुछ लोगों के बीच एक अपराध घटित होता दिखाई देता है। कहानी इस तरह से है कि रातों रात करोड़पति बनने की जुगाड़ में लगे एक युवक को कुछ असहज से साथी मिलते हैं और ये सब मिलकर एक एक ऐसे कत्ल की भूमिका बनाते हैं जिसका कोई सबूत बाकी न रहे।
फिल्म ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ के निर्देशन की कमान उन्हीं वासन बाला को सौंपी गई है जो इसके पहले एक और अतरंगी फिल्म ‘मर्द को दर्द नहीं होता’ बना चुके हैं। वह कहते हैं, ‘इस खास श्रेणी की फिल्म बनाना हमेशा से मेरी इच्छा सूची में रहा है और इसमें मैचबॉक्स शॉट्स के साथ मिलकर नेटफ्लिक्स के लिए बनाना एक जबरदस्त संयोग बन गया है। इस तरह की दुनिया में हमेशा कुछ तय किरदार होते हैं और इनका टकराव अपने आप किसी भी कालखंड और परिस्थित में बिल्कुल सटीक होता है। ये लालच, प्यार, धोखा, गुस्सा और उस सबकुछ को मिलाकर बनता है जिसमें मुख्य किरदार को हमेशा यही लगता है कि उसके पास ये सब करने का फुलप्रूफ प्लान है।’
फिल्म ‘अंधाधुन’ के अहम सूत्रधारों में से एक रहीं सरिता पाटिल अब मैचबॉक्स शॉट्स की भागीदार बन चुकी हैं। वह कहती हैं, ‘फिल्म ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ हमारे लिए दो वजहों से बहुत खास है। एक तो ये कि ये मैचबॉक्स शॉट्स का नेटफ्लिक्स के साथ पहली साझेदारी है और दूसरा ये कि बरसों से हमारे साथी रहे वासन बाला के साथ हम ये फिल्म बनाने जा रहे हैं।’
फिल्म ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ के निर्माता संजय राउतरे कहते हैं, ‘ये फिल्म उन सभी लोगों के लिए हमारी तरफ से अगला तोहफा है जिन्होंने हमारी पिछली फिल्म ‘अंधाधुन’ को प्यार दिया और इसकी झोली में तमाम पुरस्कार डाले। मैचबॉक्स का लक्ष्य एक ही है और वह ये कि ऐसी फिल्में और दूसरी मनोरंजक सामग्री बनाना जिसमें कहानी ही असली हीरो हो।’ मैचबॉक्स ने कोरोना संक्रमण काल के दौरान जिन तमाम कहानियों पर अपना काम जारी रखा फिल्म ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ उनमें से पहली कहानी है जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है।
यहां देखिए राजकुमार राव का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू