महाराष्ट्र में सिनेमाघरों के खुलने को लेकर जारी उहापोह के बीच फिल्म निर्माताओँ और वितरकों के बीच भारतीय फिल्मों और विदेशी फिल्मों की रिलीज को लेकर रिवर्स प्लानिंग शुरू हो चुकी है। फिल्म निर्माताओं के बीच इस बात को लेकर आम धारणा बनती दिख रही है कि मुंबई समेत देश के बाकी शहरों के सिनेमाघर कम से कम दिवाली के आसपास पूरी तरह खुल चुके होंगे और इसी लिए फिल्मों की रिलीज की तारीखें फिलहाल दिसंबर महीने के लिए फिक्स होने लगी हैं। साल के आखिरी महीने रिलीज होने वाली फिल्मों में अभी तक अल्लू अर्जुन और आमिर खान की फिल्में ही शामिल थीं। मंगलवार को मार्वेल स्टूडियोज की मेगा बजट फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ की रिलीज भी दिसंबर के तीसरे शुक्रवार को होने का एलान हो गया।
Movies in December 2021: बॉक्स ऑफिस पर दिसंबर में होगा महामुकाबला, इन बड़ी फिल्मों की रिलीज डेट तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ को भारत समेत दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी हॉलीवुड की बड़ी कंपनी डिज्नी ने शुरू कर दी है। इस फिल्म का ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया। ये फिल्म अंग्रेजी समेत तमाम भारतीय भाषाओं में 17 दिसंबर को रिलीज होने की तैयारी में हैं। फिल्म में पीटर पार्कर और स्पाइडरमैन का रोल करने वाले टॉम हॉलैंड के अलावा जेंडाया, जे बी स्मूव, जैकब बैटालॉन और मरिसा टोमी तो दिखेंगे ही इसके अलावा मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स में डॉक्टर स्ट्रेंज का रोल करने वाले बेनेडिक्ट कम्बरबैच की भी फिल्म में खास भूमिका होगी।
दिसंबर के महीने में इसके पहले अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’, आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ और रणवीर सिंह की फिल्म ‘सर्कस’ की रिलीज की घोषणाएं हो चुकी हैं। इन फिल्मों में सबसे दिलचस्प रिलीज ‘पुष्पा’ की होने जा रही है। ये फिल्म का पहला भाग होगा। और, इसे हिंदी में भी बड़े पैमाने पर रिलीज करने की फिल्ममेकर्स की तैयारी है। ये फिल्म पहले इसी महीने की 13 तारीख को रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के चलते शूटिंग में आए व्यवधान के चलते इसकी रिलीज डेट बदलनी पड़ी। अब ये फिल्म आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के साथ 24 दिसंबर को रिलीज होगी।
दिसंबर महीने में ही सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी की डेब्यू फिल्म ‘तड़प’ भी रिलीज होने जा रही है। इसकी रिलीज की तारीख भी मंगलवार को ही सामने आई। जानकारी के मुताबिक मिलन लूथरिया निर्देशित अहान और तारा सुतारिया की ये फिल्म 3 दिसंबर को रिलीज हो सकती है। इसी दिन टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘हीरोपंती’ की सीक्वेल की रिलीज भी प्रस्तावित है। दिसंबर के दूसरे शुक्रवार यानी 10 दिसंबर की डेट फिलहाल खाली है। इसके अगले शुक्रवार को फिल्म ‘अवतार’ की सीक्वेल रिलीज होने की चर्चा है हालांकि ‘स्पाइरमैन नो वे होम’ की रिलीज डेट फिक्स होने के बाद अब इसकी रिलीज आगे पीछे हो सकती है।
दिसंबर महीने का चौथा शुक्रवार काफी बड़े मुकाबले का होने वाला है। ‘लाल सिंह चड्ढा’ और ‘पुष्पा’ के निर्माताओं के बीच इस दिन सिनेमाघरों के स्क्रीन्स को लेकर तगड़ी टक्कर हो सकती है। अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’ तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम के अलावा हिंदी में भी रिलीज होने की तैयारी में हैं। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन नौ साल बाद निर्देशक सुकुमार के साथ काम कर रहे हैं। मलयालम फिल्मों की नई खलबली फहाद फासिल का भी इस फिल्म में खास रोल बताया जा रहा है। साल के आखिरी शुक्रवार यानी 31 दिसंबर के लिए रणवीर सिंह और वरुण शर्मा स्टारर ‘सर्कस’ की बुकिंग पहले से है। ये फिल्म संजीव कुमार औऱ देवेन वर्मा की हिट फिल्म ‘अंगूर’ का रीमेक बताई जा रही है।