मुंबई में मस्ती करते दिखे ‘ब्रह्मास्त्र’ के तीन बड़े सितारे, फर्स्टकट में निकला पैचवर्क का काम पूरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार रहे नागार्जुन ने हिंदी फिल्मों में काफी काम किया है। राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘शिवा’ ने उन्हें हिंदी सिनेमा में अच्छी पहचान दिलाई थी। इसके अलावा भी वह कुछ बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहे। नागार्जुन की अरसे बाद हिंदी सिनेमा में वापसी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ से हो रही है। मंगलवार की सुबह उन्होंने इस फिल्म के अपने साथी सितारों रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ जो तस्वीरें साझा कीं, उसी के साथ नागार्जुन ने फिल्म में अपना काम खत्म करने का भी एलान कर दिया।
फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की रिलीज डेट इतनी बार आगे पीछे हो चुकी है कि इसकी राह तकने वालों ने अब इसका इंतजार करना ही बंद कर दिया है। फिल्म की हीरोइन आलिया भट्ट पिछले कई महीनों से सोशल मीडिया पर ट्रोल होती रही हैं। फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ से पहले उनकी फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ रिलीज होनी है। सोमवार को ही उनकी एक और फिल्म ‘डार्लिंग्स’ का भी ऐलान हुआ है जिसे शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज प्रोड्यूस करने जा रही है।
इस बीच रणबीर कपूर भी अपने चाचा राजीव कपूर के निधन के बाद काम पर लौट आए हैं और सामान्य होने की कोशिश कर रहे हैं। दो दिन पहले वह अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल भी खेलते दिखे थे। और, अब फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग का बाकी हिस्सा पूरा कर वह इस फिल्म को विराम देने की जुगत में हैं। फिल्म की शूटिंग वैसे तो पहले ही पूरी हो चुकी है और फिल्म की एडीटिंग भी काफी रफ्तार से हुई है। फिल्म का पहला कट देखने के बाद इसमें कुछ पैच वर्क निकला है और इन दिनों उसी को पूरा किया जा रहा है।
धर्मा प्रोडक्शंस को फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के बाद करण जौहर की महात्वाकांक्षी फिल्म ‘तख्त’ बनाना था लेकिन फॉक्स स्टार स्टूडियोज का अधिग्रहण करने वाली कंपनी डिजनी ने उनके इस प्रस्ताव को पिछले साल ही नकार दिया था। अब इस फिल्म में लंदन में बसे श्रीलंकाई व्यापारी सुभाषकरण अलीराजा की कंपनी लाइका प्रोडक्शंस ने पैसा लगाने की बात कही है। फिल्म की शूटिंग इस साल गर्मियों में ही शुरू होने की तैयारी चल रही थी, लेकिन हाल ही में खबर आई कि फिल्म अब अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।