बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की वेब सीरीज 'पाताल लोक' रिलीज होने के साथ ही चर्चाओं में आ गई है। शुरुआत में इस वेब सीरीज को प्रशंसकों की खूब वाहवाही मिली। लेकिन कुछ दिनों से वेब सीरीज विवादों में घिर गई है। वेब सीरीज में गाजियाबाद से राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल की तस्वीर का इस्तेमाल उनकी इजाजत के बगैर किया गया है। जिसे लेकर विवाद अब इतना गहरा गया है कि अब बीजेपी नेता ने विराट कोहली को अनुष्का से तलाक लेने तक की हिदायत दे दी है।
पाताल लोक विवाद: बीजेपी नेता ने विराट कोहली को दी अनुष्का शर्मा से तलाक लेने की सलाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ये विवाद दिन पर दिन गहराता ही जा रहा है। सबसे पहले एक वकील ने इस वेब सीरीज की सामग्री पर एतराज जताते हुए अनुष्का के खिलाफ नोटिस जारी किया था। इस नोटिस में लिखा गया था कि वेब सीरीज में जातिवाद टिप्पणियां की गई हैं। वहीं दूसरी तरफ इसके बाद उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने लोनी थाने में शिकायत देकर मांग की थी कि वेब सीरीज की निर्माता अनुष्का शर्मा के खिलाफ रासुका लगाया जाए।
भाजपा विधायक का इससे भी मन नहीं भरा तो अब उन्होंने विराट कोहली को ही सलाह दे दी कि वो अनुष्का से तलाक ले लें। दरअसल भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने हाल ही में एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि, 'विराट कोहली देशभक्त हैं, देश के लिए खेले हैं। उन्हें अनुष्का को तलाक दे देना चाहिए तुरंत। निश्चित तौर पर उनका इसमें ना कोई रोल होगा, ना वो इस तरह के किसी मसले में शामिल होंगे।'
नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि अनुष्का ने इस वेब सीरीज को बनाकर राष्ट्रद्रोह का काम किया है। जिसके लिए उनके ऊपर कार्रवाई की जानी चाहिए। गौरतलब है कि इससे पहले रासुका के तहत कार्रवाई करने की मांग को लेकर उन्होंने कहा था कि 'पाताल लोक वेब सीरीज बालकृष्ण वाजपेयी नाम के अपराधी से संबंध वाले नेता के साथ एक मार्ग का उद्घाटन करते हुए मेरी और अन्य बीजेपी नेताओं की तस्वीर को दिखाया गया है। मैं वर्तमान में बीजेपी का विधायक हूं और मेरी अनुमति लिए बगैर मेरी तस्वीर का इस्तेमाल धर्म जातियों के ताने-बाने को तहस-नहस करने वाली पाताल लोक वेब सीरीज में शामिल कर राष्ट्रद्रोह का कार्य किया गया है।'
बता दें कि अनुष्का शर्मा की निर्मित वेब सीरीज 'पाताल लोक' में जयदीप अहलावत, नीरज काबी, अभिषेक बनर्जी, स्वस्तिका मुखर्जी, निहारिका, जगजीत, गुल पनाग जैसे कलाकारों ने काम किया है। इस वेब सीरीज को सुदीप शर्मा ने लिखा है। अनुष्का शर्मा ने इसे प्रोड्यूस किया है। यह वेब सीरीज अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई है।
पढ़ें: आखिर क्यों इंद्र की पुत्री जयंती ने किया दैत्यगुरु शुक्राचार्य से विवाह, भगवान शिव ने किसे दिया था 'संजीवनी मंत्र'?