भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिक नंबी नारायणन की बायोपिक ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ के ट्रेलर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी प्रभावित कर लिया है। मोदी ने फिल्म के एक विषय को बहुत ही आवश्यक बताया है और कहा है कि ये जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचनी ही चाहिए। फिल्म में नंबी नारायणन का किरदार निभा रहे आर माधवन के एक ट्वीट पर प्रधानमंत्री ने ये बात कही है। माधवन इस फिल्म के निर्देशक भी हैं।
पीएम मोदी ने की फिल्म ‘रॉकेट्री’ की झलकियों की तारीफ, बोले, ये विषय देश के लोगों को जानना चाहिए
इसरो के वैज्ञानिक नंबी नारायणन दुनिया के इकलौते ऐसे अंतरिक्ष वैज्ञानिक हैं,जिनका बनाया अंतरिक्ष इंजन ‘विकास’ आज तक एक भी लॉन्चिंग में फेल नहीं हुआ। इस इंजन का नाम उन्होंने अपने मार्गदर्शक व महान वैज्ञानिक विक्रम साराभाई के नाम पर रखा था। देश के पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम के सहकर्मी रहे नंबी नारायणन को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्हें पुलिस हिरासत में बहुत यातनाएं भी दी गईं थी। सीबीआई जांच के बाद रिहा होने पर नंबी नारायणन ने उन्हें गिरफ्तार करने वाले सभी लोगों पर मुकदमा किया और इस लड़ाई को सुप्रीम कोर्ट तक लाकर बेदाग बरी हुए।
नंबी नारायणन के संघर्ष में उनका जितना व्यक्तिगत नुकसान हुआ सो हुआ ही, देश अंतरिक्ष विज्ञान में दशकों पीछे चला गया। उन्हें फंसाने की साजिश रचने वालों का मकसद भी यही था। अभिनेता आर माधवन ने जब तीन साल पहले ये खबर पढ़ी तो उन्होंने केरल जाकर नंबी नारायणन से मुलाकात की और उनके साथ रहकर फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ की पटकथा लिखी। फिल्म में ऐसी तमाम रोचक घटनाएं हैं जिन्हें देखकर दर्शक सिहर उठेगा।
फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ का ट्रेलर रिलीज करने से पहले माधवन ने फिल्म की कुछ क्लिपिंग और फिल्म का ट्रेलर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दिखाया। इसके लिए वह अंतरिक्ष वैज्ञानिक नंबी नारायणन के साथ दिल्ली आए थे। ये जानकारी सोमवार को माधवन ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘कुछ हफ्ते पहले मैं और नंबी नारायणन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। इस मुलाकात में हमने फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट को लेकर बात की और प्रधानमंत्री इस दौरान फिल्म की क्लिप्स में नंबी जी के साथ हुए अन्याय को देखकर बहुत भावुक हो गए।’
R Madhavan meets PM Modi, ISRO scientist Nambi Narayanan to discuss Rocketry: The Nambi Effect | Celebrities News – India TV🙏🙏❤️❤️🚀🚀🇮🇳🇮🇳 https://t.co/J0OSRTvcRZ
माधवन के इस ट्वीट पर प्रधानमंत्री ने जवाबी ट्वीट करते हुए लिखा, ‘माधवन और नंबी नारायणन से मिलना सुखद रहा। ये फिल्म एक महत्वपूर्ण विषय की बात करती है जिसके बारे में ज्यादा लोगों को जानना चाहिए। हमारे वैज्ञानिकों और तकनीशियनों ने देश के लिए बड़े बलिदान किए हैं, इनकी झलकियां मैंने ‘रॉकेट्री’ की क्लिप्स में देखीं।’
Happy to have met you and the brilliant Nambi Narayanan Ji. This film covers an important topic, which more people must know about.
Our scientists and technicians have made great sacrifices for our country, glimpses of which I could see in the clips of Rocketry. https://t.co/GDopym5rTm