पिछले दिनों ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय कामराज और खाना ऑर्डर करने वाली ग्राहक हितेशा चंद्रानी के बीच मारपीट की खबरें सामने आईं। बैंगलुरू की हितेशा ने आरोप लगाया था कि डिलीवरी ब्वॉय ने खाना देरी से पहुंचाने की शिकायत करने पर उनपर हमला कर दिया था और मारपीट में उनकी नाक पर गहरा जख्म दे दिया था। हालांकि बाद में इस मामले में नया मोड़ आया और कामराज ने हितेशा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस हितेशा के खिलाफ जांच में जुट गई थी। सहानुभूति बटोरने के लिए वीडियो वायरल करने वाली हितेशा को ये केस कामराज पर झूठा आरोप लगाने और मारपीट करने के लिए अब भारी पड़ गया है। इस मामले में कई सेलेब्स ने भी प्रतिक्रया दी है। अब राखी सावंत ने टिप्पणी की है।
जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय के सपोर्ट में राखी सावंत, बोलीं- 'सबका सम्मान करो, क्या पता वो लड़का कल PM बन जाए'
बिग बॉस के दो सीजन में अपना सिक्का चलाने वाली राखी सावंत ने जोमैटो के कामराज वाले मामले में टिप्पणी करके सुर्खियां बटोर ली हैं। उन्होंने एक पैपराजी के सवाल के जवाब में काफी कुछ कहा। राखी सावंत बोलीं ‘मुझे लगता है कि जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय के साथ अन्याय हुआ है। मैं बहुत दुखी हूं।’
राखी ने आगे कहा कि ये ऑनलाइन फूड डिलीवरी वाले आपकी भूख मिटाते हैं। इनकी इज्जत करो। इनसे प्यार करो। क्योंकि कोरोना के समय में भी वो घर से बाहर निकलकर लोगों को खाना पहुंचाते रहे। इन्हें एक गिलास पानी के लिए पूछो। मैं भी पूछती हूं। मेरे घर कोई डिलीवरी ब्वॉय खाना पहुंचाने आता है तो मैं उसको पानी पिलाती हूं।
राखी सावंत ने कहा कि हर एक व्यक्ति का सम्मान करो। क्योंकि किसी को ये नहीं पता कि कल को कौन प्रधानमंत्री बन जाए। इसलिए हर किसी की इज्जत करो। हम किसी को कुछ नहीं दे सकते, लेकिन प्यार तो दे ही सकते हैं। इसके पैसे नहीं लगते। इतना कहकर राखी ने साफ किया कि कामराज के साथ हुए व्यवहार के लिए दुखी हैं।
बता दें कि कामराज ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करके बताया था कि हितेशा द्वारा उसपर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। कामराज ने दावों का खंडन किया और कहा था कि महिला ने उसपर हमला करने की कोशिश करते हुए खुद को घायल कर लिया। वहीं, जोमैटो की तरफ से कहा गया कि कंपनी ने कामराज को निलंबित कर दिया है। हालांकि, उसकी कानूनी फीस के लिए भुगतान किया जा रहा है। साथ ही हितेशा के इलाज का खर्च भी कंपनी वहन कर रही है।