रंजीत ने बॉलीवुड फिल्मों में विलन की भूमिका निभाकर जबरदस्त पहचान बनाई है। हालांकि जहां उन्हें बड़े पर्दे पर उनकी भूमिका के लिए पसंद किया गया तो वहीं शुरुआत में विलन बनने के लिए उन्हें घरवालों से खरी-खोटी सुननी पड़ी। रंजीत को बड़े पर्दे पर विलन की भूमिका निभाने की वजह से कई नामों से पुकारा जाता था। लेकिन श्रीदेवी के साथ एक फिल्म की शूटिंग के दौरान रंजीत के साथ कुछ ऐसा हुआ था जिससे वो पूरी तरह टूट गए थे और फिल्म का सीन करने के बाद सीधा रूम में जाकर फूट-फूटकर रोए।
किस्सा: श्रीदेवी को ऑनस्क्रीन हंटर से मारने के बाद रोने लगे थे रंजीत, आखिर क्या थी इसकी वजह?
क्या था परेशानी का कारण
दरअसल रंजीत जब श्रीदेवी के साथ फिल्म की शूटिंग कर रहे थे तो उसी दौरान उनके पिता का निधन हो गया। इस बारे में बातचीत करते हुए रंजीत ने कहा, ‘जिस दिन मेरे पिता का निधन हुआ था मैं उस दिन हैदराबाद में शूटिंग के लिए गया था। मैं असल जिंदगी में चट्टान की तरह हूं लेकिन जब मेरे पिता का निधन हुआ तो मैं पूरी तरह से हिल गया था। सभी रिश्तेदार उनके घर आने लगे थे’।
नहीं चाहता था निर्माता का नुकसान हो
रंजीत ने अपना दर्द बयां करते हुए आगे बताया था कि उन्होंने अपने घर से फ्लाइट पकड़ी और वो शूटिंग के लिए हैदराबाद आ गए। रंजीत ने कहा, ‘मैंने शूटिंग करने का फैसला इसलिए लिया था ताकि मेरे लिए जो सेट लगाया गया है वो बिलकुल भी बर्बाद न हो और मैं सेट पर पहुंचा मैंने कैमरे के सामने विलन की भूमिका की लेकिन मैं जैसे ही मैं अपने रूम में आया मैं रोने लगा’।
विलन की भूमिका से परिवार को थी समस्या
रंजीत ने आगे बातचीत करते हुए बताया कि उन्हें विलन की भूमिका निभाने से कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन उनके परिवार को शुरुआत में समस्या जरूर थी। उन्होंने कहा, ‘मेरे परिवार को शुरुआत में समझने में दिक्कत जरूर हुई थी, लेकिन बाद में उन्होंने समझ लिया कि ये मेरा काम है। मैंने कभी भी अपना करियर प्लान नहीं किया, बस जो काम मिलता गया मैं खुद को उसी में ढ़ालता गया।
अपनी फिल्मों को कभी नहीं देखा
70 और 80 के दशक में रंजीत बॉलीवुड के फेमस विलेन्स में शुमार थे। आज भी उन्हें उनके उसी अंदाज के लिए पहचाना जाता है। रंजीत से जुड़े वैसे तो कई किस्से हैं लेकिन एक किस्सा ऐसा है जिसे सुनकर सभी लोग आश्चर्यचकित रह जाएंगे। रंजीत ने करीब 200 फिल्मों में काम किया है जिनमें से उन्होंने करीब 150 फिल्मों में रेप सीन किए हैं। लेकिन उन्होंने खुद ही उन फिल्मों को नहीं देखा।