अभिनेत्री ऋचा चड्ढा का कहना है कि कोरोना वैक्सीन को भले देश के सुदूर क्षेत्रों में पहुंचाना शुरू कर दिया गया हो, लेकिन वह यह वैक्सीन तभी लगवाएंगी जब देश के सारे नेता इसे लगवा लेंगे। ‘अमर उजाला’ से एक एक्सक्लूसिव मुलाकात में उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों के विरोध में बैठी महिलाओं को घर जाने के लिए कहना पितृसत्तात्मक मानसिकता की निशानी है।
Exclusive: पहले नेताओं को लगे तब मैं भी लगवाऊंगी कोरोना वैक्सीन, किसान आंदोलन पर भी बोलीं ऋचा चड्ढा
हिंदी सिनेमा में ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘फुकरे’ सीरीज की फिल्मों के लिए चर्चित रहीं ऋचा चड्डा की नई फिल्म ‘मैडम चीफ मिनिस्टर’ अगले हफ्ते रिलीज हो रही है। इस फिल्म में वह उत्तर प्रदेश की महिला मुख्यमंत्री के किरदार में हैं। इस फिल्म और अपने करियर के बारे में तमाम बातों के अलावा ऋचा ने समसामयिक विषयों पर भी ‘अमर उजाला’ से खुलकर बात की। ऋचा ने कहा कि एक अध्यापिका की पुत्री होने के नाते पढ़ना लिखना उनकी दिनचर्या में शुरू से शामिल रहा है और अखबार भी वह नियमित पढ़ती हैं।
यह पूछे जाने पर कि दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलनरत किसानों में से महिलाओं को वापस घर भेजने की बात कही जा रही है, महिला अधिकारों को लेकर शुरू से मुखर रहीं ऋचा ने कहा कि ऐसा कहना उन लोगों की मानसिकता का परिचायक है जिनकी सोच शुरू से पितृसत्तात्मक रही है। महिलाओं ने देश के तमाम आंदोलनों में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया है और किसान आंदोलन में भी अगर वह दिल्ली की सीमाओं तक आ गई हैं, तो उन्हें घर जाने के लिए सिर्फ इसलिए कहने का कोई अर्थ नहीं है कि वह महिला हैं। हां, बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के लिए घरों में रखने का वह भी समर्थन करती हैं।
ऋचा चड्ढा की शादी पिछले एक साल से कोरोना महामारी की वजह से लगातार टलती आ रही है। शादी के बारे में जिक्र चलने पर ऋचा ने साफ कहा कि उनकी शादी तभी होगी जब देश में वैक्सीन सफल तरीके से सबको सुलभ हो जाएगी। वैक्सीन की डिलीवरी देश के दूर दराज के इलाकों तक शुरू हो जाने की बात चलने पर उन्होंने कहा कि वह वैक्सीन अभी नहीं लगवाने जा रही। वह वैक्सीन तभी लगवाएंगी, जब देश के सारे नेताओं को ये वैक्सीन लग चुकी होगी। ऋचा ने कहा कि वैक्सीन लगवाने के नाम पर तमाम नेता किनारे खिसक रहे हैं और ये ठीक नहीं हैं, उनको तो आगे आकर दूसरों के लिए उदाहरण बनना चाहिए था।
ऋचा चड्ढा ने ये बातें ‘अमर उजाला’ से एक एक्सक्लूसिव मुलाकात में कही हैं। यह मुलाकात उनसे अमर उजाला के फेसबुक और यूट्यूब पेज पर शनिवार रात 9 बजे प्रसारित होने वाले कार्यक्रम 'शुक्ल पक्ष' के लिए की गई थी। इस पूरी बातचीत के वीडियो का प्रसारण आप शनिवार को देख सकेंगे।
पढ़ें: परिणीति चोपड़ा को साल की शुुरुआत में ही लगा झटका, थिएटर में रिलीज नहीं होगी फिल्म 'द गर्ल ऑन द ट्रेन'