हिंदी सिनेमा के दबंग अभिनेता सलमान खान की फिल्म 'मैं और मिसेज खन्ना' और 'इश्क इन पेरिस' जैसी फिल्मों का निर्देशन करने वाले उनके करीबी दोस्त प्रेम सोनी एक बार फिर एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म लेकर वापस लौट रहे हैं। उनकी नई फिल्म की धारणा जरूर नई है लेकिन नाम चुना है 'लैला मजनू'। यहां एक लड़का और एक लड़की एक दूसरे से प्यार करते हुए नजर नहीं आएंगे। बल्कि, इस फिल्म के लैला मजनू के रूप में प्रेम सोनी ने दो लड़कों को ही चुना है जो एक दूसरे के साथ इश्क फरमाएंगे।
सलमान के पसंदीदा डायरेक्टर ने कर दिया 'लैला' का लिंग परिवर्तन, यूलिया वंतूर के लिए सोची ये नई कहानी
दरअसल, इस फिल्म का उद्देश्य समलैंगिक समुदाय की जरूरतों और उनकी इच्छाओं को स्वतंत्र रूप से पर्दे पर दिखाकर भारतीय समाज तक पहुंचाना है। प्रेम के हिसाब से ऐसे मुद्दे पर बनी यह भारत की पहली फीचर फिल्म होगी। इस फिल्म में टीवी के अभिनेता शशांक व्यास, अभिमन्यु तोमर और नेहल चुडासमा (Nehal Chudasama) मुख्य भूमिकाएं निभाते हुए नजर आएंगे। इन सबके अलावा फिल्म में सलमान खान की करीबी दोस्त यूलिया वंतूर भी एक अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी।
अपने इस फिल्म के विचार के बारे में प्रेम ने एक इंटरव्यू में बताया है कि इस कहानी का उद्देश्य दर्शकों को यह बताना है कि किसी से भी रंगभेद और लिंग भेद के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा है कि लंबे समय से समलैंगिकता को सामान्य नहीं माना गया है। अब यह वक्त है कि एक दूसरे के भेदभाव को भुला दिया जाए। इस फिल्म के साथ प्रेम पूरे सात साल बाद निर्देशन में लौट रहे हैं। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2013 में आई फिल्म 'इश्क इन पेरिस' का निर्देशन किया था।
तब से लेकर अब तक के सफर के बारे में प्रेम ने कहा, 'वर्ष 2013 के बाद मैं डिप्रेशन में चला गया था और आत्महत्या करने जैसे विचार आने लगे थे। सभी लोग मुझसे कहते थे कि मेरा करियर खत्म हो चुका है और अब मैं इसे दोबारा नहीं बना सकता। लोगों ने मुझसे बात करना बंद कर दिया था। मुझे इस इंडस्ट्री में 14 साल हो चुके हैं लेकिन अभी तक मुझे यहां स्वीकारा नहीं गया है। या तो मेरी फ्लॉप फिल्मों के कारण, या फिर इसलिए कि मैं बाहरी हूं। यहां सिर्फ सलमान खान ही एक व्यक्ति हैं जिन्होंने मेरा समर्थन किया।'
प्रेम सोनी ने कुछ समय पहले यूलिया वंतूर को लेकर एक फिल्म 'राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला' का निर्देशन करने की घोषणा की थी। लेकिन फिल्म की निर्माता प्रेरणा अरोड़ा के धोखाधड़ी के एक कथित मामले में गिरफ्तार होने के बाद ये फिल्म बंद हो गई। अब प्रेम यूलिया के साथ ही 'लैला मजनू' बना रहे हैं। हिंदी के दर्शकों के लिए लैला मजनू नया नाम नहीं है। दो साल पहले ही एकता कपूर और इम्तियाज अली ने अविनाश तिवारी और तृप्ति डिमरी को लेकर इसी नाम से फिल्म बनाई थी। फिल्म फ्लॉप रही। इससे पहले वर्ष 1976 में एच एस रवैल भी इसी नाम से फिल्म बना चुके हैं जिसमें ऋषि कपूर और रंजीता ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं, ये फिल्म सुपरहिट रही थी।
पढ़ें: शूटिंग और डबिंग के चलते सितारों के घर पहुंच रहा कोरोना, रवीना टंडन ने भी शुरू किया घर से काम
