किसी भी कामयाब फिल्म स्टूडियो के लिए जरूरी यही होता है कि वह हमेशा अपनी आस्तीन में तुरुप के कुछ पत्ते छुपाकर रखे। मार्वेल स्टूडियोज इस खेल का उस्ताद शुरू से रहा है। इस सीजन में जब उसकी दो वेब सीरीज ‘वांडा विजन’ और ‘द फाल्कन एंड द विंटर सोल्जर’ मार्वेल फैंस को अपनी परंपराओं के अनुसार उत्साहित करने में विफल रहीं तो मार्वेल ने खेल में उतारा है अपने एक और कॉमिक बुक सुपर हीरो शांग ची को। किसी एशियाई सितारे को लीड किरदार में लेकर बनी मार्वेल की ये पहली फिल्म है।
Shang-Chi and the Legend of the Ten Rings: पहली बार एशियाई सुपरहीरो पर बनी फिल्म, समझिए टीजर ब्रेकअप
मार्वेल कॉमिक्स में रुचि रखने वालों को ये पता है कि शांग ची क्या है? लेकिन दुनिया में किसी को ये नहीं पता कि उसका अतीत कैसा था? या फिर कि उसका बचपन कैसा बीता? मार्वेल ने इस किरदार पर बनी अपनी पहली फिल्म में शांग ची के इसी धुंधले अतीत को शुरू से बुनने की कोशिश की है। फिल्म का टीजर बहुत ही शानदार तरीके से शुरू होता है। वॉयस ओवर में एक आवाज चलती जाती है कि जिसमें एक पिता अपने बेटे को 10 साल देने की बात करता है। वह चाहता है कि बेटा उसका दाहिना हाथ बने लेकिन वॉयस ओवर ख़त्म होते होते साफ हो जाता है कि ऐसा होने नहीं जा रहा।
फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ का टीजर मार्वेल की सुपरहिट फिल्मों की तर्ज पर बना है। इसमें रहस्य है, रोमांच है और है परिवार के बिखरने और एक सुपरहीरो के विचलित कर देने वाले बचपन की कहानियां। जैसे स्पाइडरमैन के बचपन में हुए हादसे उसकी पहचान हैं। हैरी पॉटर के माता पिता के साथ हुई बातें उसके उद्वेलित करती रहती हैं। बैटमैन का बचपन भी कुछ कुछ वैसा ही है। और, यहां बचपन दिखेगा शांग ची का। वह बचपन में जिसमें हुई घटनाएं उसकी जवानी बदल देती हैं।
फिल्म के हीरो हैं सीमू लियू। मार्वेल स्टूडियो ने फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ का टीजर उनके जन्मदिन पर रिलीज किया। टीजर को कुछ ही घंटों में 80 लाख से ऊपर लोग देख चुके हैं। इसमें मौजूदा समय के साथ साथ एक यूनीवर्स और भी चलता दिखता है। मार्वेल ने समय की पूरी अवधारणा को ही हाल के दिनों में बदल दिया है। ‘स्पाइडरमैन: नो वे होम’ ये प्रयोग कुछ और आगे जाने वाला है। यहां शांग ची की फिल्म में सितारों की पूरी फौज है। सीमू लियू का साथ देने के लिए फिल्म में हैं अक्वाफिना जो शांग ची की दोस्त कैटी के किरदार में हैं। शांग ची के पिता और टेन रिंग्स के लीडर के तौर पर हैं टोनी लियूंग और साथ में एक खास किरदार में मिशेल येओह भी दिखेंगी।
डेस्टिन क्रेटॉन निर्देशित फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ को थिएटरों में 3 सितंबर को रिलीज करने की तैयारी है। मार्वेल धीरे धीरे इस साल की फिल्मों के लिए माहौल तो बना रहा है। ‘ब्लैक विडो’ का भी दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इसके बाद ‘थोर: लव एंड थंडर’ ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस’, ‘इटर्नल्स’ और ‘स्पाइडरमैन: नो वे होम’ भी लाइन में लगी हैं।