हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में निर्माता, निर्देशक करण जौहर की खोज कहे जाने वाले अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के करियर की सबसे नाजुक घड़ी का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। कारगिल युद्ध में शहीद हुए परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर बनी उनकी फिल्म ‘शेरशाह’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर रिलीज के लिए निर्माता करण जौहर ने कारगिल में खास इंतजाम किए। भारतीय सेना ने भी फिल्म के समर्थन में अपनी मौजूदगी इस ट्रेलर रिलीज में दिखाई। फिल्म के निर्माता, निर्देशक और कलाकारों के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत के अलावा भारतीय सेना के तमाम अफसर इस मौके पर मौजूद रहे। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के पालमपुर में जन्मे विक्रम बत्रा ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा पास कर 1996 में भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून से पासआउट किया। महज 24 साल की उम्र में वह पाकिस्तान से लड़ते हुए 7 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध में शहीद हो गए। उन्हें सेना का सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र प्रदान किया गया।
Shershaah Trailer: कारगिल में जुटे हिंदी फिल्म जगत के सितारे, असल जीवन के सितारे को दी श्रद्धांजलि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूरा देश हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाता है। इस मौके पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही देश इन शहीदों के शौर्य और बलिदान की गाथाएं भी दोहराता है। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर फिल्म ‘शेरशाह’ का ट्रेलर रिलीज करते हुए इसके निर्माता करण जौहर काफी भावुक दिखे।
फिल्म ‘शेरशाह’ के बारे में इसके निर्माता करण जौहर कहते हैं, “यह फिल्म एक युद्ध हीरो की सच्ची कहानी है जिसके अदम्य साहस और बहादुरी ने देश को जीत दिलाई। उनका बलिदान अमूल्य है और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। फिल्म ‘शेरशाह’ हमारे सैनिकों की बहादुरी को हमारी तरफ से श्रद्धांजलि है और मुझे उम्मीद है कि इस फिल्म को देखकर हर दर्शक का दिल गर्व से भर जाएगा।”
ट्रेलर रिलीज के मौके पर फिल्म ‘शेरशाह’ में कैप्टन विक्रम बत्रा का रोल निभा रहे अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा, कियारा आडवाणी, निर्देशक विष्णु वर्धन, अपूर्व मेहता, शब्बीर बॉक्सवाला, और विजय सुब्रहमण्यम के साथ सीडीएस बिपिन रावत और जनरल कमांडिंग इन चीफ, नॉर्दर्न कमांड जनरल वाई के जोशी खास तौर से मौजूद रहे। कारगिल में जुटे इन लोगों ने इस मौके पर उन सभी शहीदों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दे दी।
फिल्म ‘शेरशाह’ का ट्रेलर लॉन्च होने के बाद से ही निर्माता करण जौहर के खेमे में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। तमाम सितारों ने सिद्धार्थ मल्होत्रा की इस फिल्म में दिख रहे काम की काफी तारीफ भी की है। कैप्टन विक्रम बत्रा और अभिनेता अक्षय कुमार का जन्मदिन एक ही तारीख यानी 9 सितंबर को होता है। ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया जताते हुए अक्षय ने सोशल मीडिया पर लिखा, “परदे पर दिखने वाला नायक असल जिंदगी के नायक को भला और क्या श्रद्धांजलि दे सकता है, सिवाय इसके कि आपका बलिदान हमें जीवन भर प्रेरणा देता रहे।” करण जौहर कैंप के तमाम दूसरे सितारों मसलन वरुण धवन, आलिया भट्ट, करीना कपूर खान, जान्हवी कपूर, सारा अली खान, विकी कौशल और अनन्या पांडे ने भी फिल्म ‘शेरशाह’ के ट्रेलर की तारीफ में सोशल मीडिया पर कसीदे गढ़े हैं। फिल्म ‘शेरशाह’ 12 अगस्त को सीधे ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है।