निजी न्यूज चैनल रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तार पर देश की कई बड़ी हस्तियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी और उनकी गिरफ्तारी को गलत बताया। अब मशहूर गायिका सोना मोहापात्रा ने भी अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अर्नब गोस्वामी के समर्थन में आईं सोना मोहापात्रा, संपादक की गिरफ्तारी पर कही ये बात
सोना मोहापात्रा सामाजिक-राजनीतिक मुद्दे पर अक्सर अपनी राय देती रहती हैं। साथ ही वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। सोना मोहापात्रा ने सोशल मीडिया के जरिए अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को गलत बताया है। साथ ही सोना मोहापात्रा ने उन्हें जेल में रखने पर भी अपना एतराज जताया है। इतना ही नहीं उन्होंने अर्नब गोस्वामी की रिहाई न करने की बात करने वालों पर अपना गुस्सा व्यक्त किया है।
सोना मोहापात्रा ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'वह सारे लोग जो अपने होठों से चटखारे लेते हुए अर्नब गोस्वामी को जमानत न मिलने और उन्हें ऐसे ही जेल में रखने का समर्थन कर रहे हैं, जहां आतंकवादी और अंडरवर्ल्ड के गुंडे बंद हैं, तो आप भी फासिस्टों से कम नहीं हैं। आप राजनीतिक बदले को हवा दे रहे हैं। यह बीमार मानसिकता है। दो गलत बातों को मिलाकर एक सही नहीं किया जा सकता।'
All those people smacking their lips, justifying #ArnabGoswami being denied bail & being housed in a jail inhabited by terrorists & underworld goons, please know that you are no different from ‘fascists’. You endorse ‘political vendetta’. That’s sick, 2 wrongs don’t make a right
सोना मोहापात्रा का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। उनके कई फैंस इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आपको बता दें कि अर्नब गोस्वामी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रायगढ़ पुलिस ने मुंबई स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इस मामले में अर्नब के अलावा दो अन्य आरोपियों फिरोज शेख और नीतीश सारदा को गिरफ्तार किया गया था।उन्हें न्यायालय से 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर रखा गया।
वहीं मुंबई उच्च न्यायालय ने सोमवार को अर्नब गोस्वामी को झटका देते हुए उनकी जमानत याचिका खारिज कर दिया। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि अर्नब जमानत के लिए निचली अदालत का रुख कर सकते हैं। इसके बाद अर्नब गोस्वामी ने अलीबाग सेशन कोर्ट में भी जमानत याचिका दायर की थी। इस याचिका को भी सेशन कोर्ट ने खारिज कर दिया।
पढ़ें: अपनी बहू को तोहफे में 20 कैरेट का हीरा देना चाहती हैं शिल्पा शेट्टी, रखी ये शर्त
