श्रीदेवी, पूरा नाम – श्री अम्मा यंगर अयप्पन। श्रीदेवी को लेकर चेन्नई से हैदराबाद होते हुए मुंबई तक इतनी कहानियां हैं कि कोई फिल्म सीरीज बनाने बैठे तो तीन चार फिल्में तो आसानी से बन सकती हैं। कभी कमल हासन की खासमखास हीरोइन रहीं श्रीदेवी बाद में जीतेंद्र की झोली में गिरीं। मिथुन चक्रवर्ती के साथ उनका लंबा रिश्ता चला। और, फाइनली वो श्रीमती बनीं बोनी कपूर की। उनकी बेटी जान्हवी कपूर उन्हीं की राह पर हैं। श्रीदेवी की दुबई में मौत को लेकर भी मुंबई में खूब किस्से सुनने को मिलते हैं। फिल्म ‘मॉम’ में उनके साथ काम करने वाले कलाकारों के पास भी हिंदुस्तान से लेकर पाकिस्तान तक किस्सों की कमी नहीं हैं। लेकिन, सबसे बड़ा किस्सा जो श्रीदेवी के नाम के साथ जुड़ा वह है उनका अपने दौर में बड़े बड़े सुपरस्टार्स से ज्यादा फीस वसूल करने का। वैसे तो श्रीदेवी ने अपने समय में सभी बड़े कलाकारों के साथ काम किया है लेकिन कुछ अभिनेता ही ऐसे हैं जिनके साथ लगातार उनकी जोड़ी बनती रही। आइए देखते हैं...
SriDevi: अमिताभ बच्चन की फिल्में ठुकराने वाली श्रीदेवी ने इस हीरो के साथ कीं सबसे ज्यादा फिल्में
27 फिल्मों के साथी कमल हासन
श्रीदेवी की सबसे मशहूर जोड़ी तमिल फिल्मों के सुपरस्टार कमल हासन के साथ बनी। इस जोड़ी ने अलग-अलग भाषाओं की लगभग 27 फिल्मों में एक साथ काम किया। कमल और श्रीदेवी की जोड़ी भले ही फिल्मों में बाद में बनी हो लेकिन ये दोनों एक ही स्कूल से पढ़े थे। एक इंटरव्यू में कमल ने बताया था कि वह श्रीदेवी से तब मिले जब वह कुछ 15 या 16 साल की रही होंगी। इन दोनों को एक फिल्म में एक रोमांटिक जोड़ी के रूप में कास्ट किया गया था। कमल कहते हैं, 'वैसे तो एक रोमांटिक जोड़ी के रूप में हमने कई फिल्में कीं लेकिन हमारी परवरिश बिल्कुल भाई और बहन की तरह हुई थी। पर्दे पर रोमांटिक सीन करने के बाद हम बहुत हंसते थे। हम दोनों के संबंध भी एकदम घर जैसे ही थे।' इन दोनों की फिल्मों में मूंदरू मुड़ीछु, सदमा, 16 वयथिनीले, सिगप्पू रोक्कल आदि मुख्य रहीं।
20 फिल्मों में रजनीकांत
दूसरी सबसे ज्यादा फिल्में श्रीदेवी ने जिस अभिनेता के साथ कीं, वह हैं खुद रजनीकांत। श्रीदेवी की जोड़ी रजनीकांत के साथ लगभग 20 फिल्मों में बनी। एक समय था जब श्रीदेवी की फीस एक फिल्म के लिए रजनीकांत से ज्यादा हुआ करती थी। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी फिल्म 'मूंदरू मुड़ीछु' का जिक्र करते हुए बताया था कि इस फिल्म के लिए उन्हें पांच हजार रुपये मिले थे। फिल्म में रजनीकांत और कमल हासन भी हैं। उस समय कमल हासन ने फिल्मों में अपनी जगह पक्की कर ली थी जबकि रजनीकांत नए-नए आए थे। इस फिल्म के लिए रजनीकांत को मात्र दो हजार रुपये और कमल हासन को 30 हजार रुपये मिले। श्रीदेवी ने बताया था कि रजनीकांत उनकी मां के बहुत लाडले थे इसलिए रजनी से भी श्रीदेवी के घरेलू संबंध थे। वैसे तो इन दोनों ने काफी फिल्मों में साथ काम किया है लेकिन उन फिल्मों में प्रिया, जॉनी, पोक्कीरी राजा चालबाज जैसी कुछ फिल्में प्रमुख हैं।
जीतेंद्र के साथ 16 फिल्में, 11 सुपरहिट
वरिष्ठ अभिनेता जीतेंद्र के साथ श्रीदेवी पहली बार वर्ष 1983 में आई फिल्म 'हिम्मतवाला' में नजर आईं। इसके बाद लगातार इनकी जोड़ी जीतेंद्र के साथ बनती रही और इन दोनों ने एक रोमांटिक जोड़ी के रूप में 16 फिल्मों में काम किया। इन 16 फिल्मों में से 11 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुईं। हिम्मतवाला के बाद इनकी फिल्में जानी दोस्त, जस्टिस चौधरी, मवाली, अकलमंद, तोहफा, बलिदान, सरफरोश, सुहागन, घर संसार, आग और शोला, धर्म अधिकारी, औलाद, मजाल, हिम्मत और मेहनत और सोने पे सुहागा हैं। फिल्म 'हिम्मतवाला' के एक गीत 'नैनों में सपना' पर किया गया डांस श्रीदेवी के बेहतरीन प्रस्तुतियों में से एक है।
अनिल कपूर संग की 13 फिल्में
श्रीदेवी की जोड़ी अनिल कपूर के साथ दर्शकों को बहुत पसंद आई। इस जोड़ी ने साथ में लगभग 13 फिल्मों में काम किया जिसमें से मिस्टर इंडिया, लम्हे, जुदाई, लाडला, हीर रांझा, मिस्टर बेचारा, रूप की रानी चोरों का राजा, राम अवतार, जांबाज फिल्में मुख्य रहीं। ये दोनों एक साथ सबसे पहले 'कर्मा' फिल्म में नजर आए थे। हालांकि, इस फिल्म में श्रीदेवी की जोड़ी जैकी श्रॉफ के साथ बनी, जबकि अनिल कपूर पूनम ढिल्लों के साथ नजर आए। इस फिल्म के बाद ही शेखर कपूर ने पहली बार इनकी जोड़ी अपनी फिल्म 'मिस्टर इंडिया' में बनाई। इस फिल्म में दोनों ने ही बेहतरीन काम किया लेकिन श्रीदेवी की तारीफ ज्यादा हुई।