सब्सक्राइब करें

Sweet Tooth Review: नेटफ्लिक्स ने फेंका तुरुप का पत्ता, महामारी के बाद की अद्भुत कहानी ‘स्वीट टूथ’

Pankaj Shukla पंकज शुक्ल
Updated Tue, 08 Jun 2021 12:42 PM IST
विज्ञापन
Sweet Tooth Review By Pankaj Shukla Jim Mickle Netflix Christian Convery Nonso Anozie Adeel Akhtar
स्वीट टूथ का पोस्टर - फोटो : नेटफ्लिक्स इंडिया

वेब सीरीज रिव्यू: स्वीट टूथ


विकासकर्ता: जिम मिकल (जेफ लेमायर की कॉमिक सीरीज पर आधारित)
कलाकारक्रिश्चियन कॉनवेरी, नॉन्सो एनोजी, अदील अख्तर, अलीजा वेलानी, विल फोर्टे, डैनिया रामीरेज,स्टेफेनिया ओवेन आदि।
ओटीटी: नेटफ्लिक्स
रेटिंग: ****

अगर आपने अरसे से अपने ड्राइंगरूम के बड़े वाले स्मार्ट टेलीविजन पर पूरे परिवार के साथ बैठकर कोई फिल्म या वेब सीरीज नहीं देखी है तो नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘स्वीट टूथ’ खास आपके लिए है। आठ एपीसोड की इस सीरीज को देखकर ऐसा लगेगा कि ये कहानी शायद दुनिया में कोरोना संक्रमण फैलने के बाद लिखी गई है लेकिन ये एक अजब संयोग भर है। कोरोना के आने से पहले ही जेफ लेमायर अपनी कॉमिक सीरीज के तमाम अंक निकाल चुके थे। हां, कोरोना फैलने के बाद इसके बनने ने जरूर गति पकड़ी। साल 2018 में ओटीटी हुलु के लिए बनने जा रही इस सीरीज को ‘आयरनमैन’ फेम रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिछले साल अप्रैल में नेटफ्लिक्स के लिए बनाना शुरू किया। एक बहुत ही दिलचस्प, भावुक कर देने वाली और रिश्तों के नए अर्थ समझाने वाली वेब सीरीज है, ‘स्वीट टूथ’। मूल रूप से तो ये अंग्रेजी में ही बनी है, लेकिन इसका हिंदी में डब संस्करण भी बहुत अच्छा बन पड़ा है।

Trending Videos
Sweet Tooth Review By Pankaj Shukla Jim Mickle Netflix Christian Convery Nonso Anozie Adeel Akhtar
वेब सीरीज स्वीट टूथ का एक दृश्य - फोटो : नेटफ्लिक्स इंडिया

वेब सीरीज ‘स्वीट टूथ’ मासूमियत और ताकत के मिलन की कहानी है। फिल्मों का ये सुपरहिट फॉर्मूला रहा है जहां कोई बच्चा किसी ऐसे ताकतवर इंसान से मिलता है जिसके पास दया, करुणा नाम की कोई चीज नहीं है। बच्चा इतना भोला है कि उसे फिर भी उससे ही लगाव हो जाता है। दोनों की यात्रा अपने अपने गुणों के साथ आगे बढ़ती है। रास्ते में बच्चा थोड़ा और समझदार और थोड़ा और दुनियादारी को समझने वाला बनता है। ताकतवर इंसान का रूखा रवैया भी थोड़ा नरम होता है। वह भी दुनिया को एक दूसरे नजरिये से देखने लगता है। यहां ये बच्चा है गस। एक हाइब्रिड बच्चा। इंसान और हिरण के संयोग से बना। ये हाइब्रिड बच्चे दुनिया को तबाह कर देने वाले वायरस की वजह से आए या इनकी कोई और वजह है, ये तो पता नहीं चल पाता लेकिन कुछ लोग इन्हें ढूंढकर मार देने निकल पड़े हैं। गस को उसके पिता शहर से दूर एक जंगल में ले आते हैं। वहीं उसे पालते पोसते हैं और इंसानों की तरह पढ़ना लिखना सिखाते हैं। 10 साल बाद ये बच्चा एक यायावर से मिलता है जिसका अपना स्याह अतीत है, फुटबॉल का वह मशहूर खिलाड़ी रहा है और हाथ उसका ढाई किलो का है। गस उसे बिग मैन कहकर बुलाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Sweet Tooth Review By Pankaj Shukla Jim Mickle Netflix Christian Convery Nonso Anozie Adeel Akhtar
वेब सीरीज स्वीट टूथ का एक दृश्य - फोटो : नेटफ्लिक्स इंडिया

गस और बिगमैन की कहानी में एक कहानी एक भारतीय दंपती डॉ. आदित्य सिंह और उनकी पत्नी रानी की भी चल रही है। हॉलीवुड सिनेमा की तरह ही नेटफ्लिक्स को भी भारत में अपने पैर पसारने हैं तो आने वाली और भी तमाम कहानियों में आपको भारतीय किरदार भी दिखेंगे और भारतीय जीवन शैली भी। यहां डॉ. आदित्य सिंह बने अभिनेता अदील अख्तर से सीरीज के निर्माताओं ने गणेश पूजा करवाई है। वह अपनी परिचित एक चिकित्सक का वायरस से बचाव के लिए चल रहा काम अपने हाथ में लेते हैं। पत्नी उनकी 10 साल से वायरस से जूझ रही है। हर निश्चित अवधि में एक टीका लगाकर वह अपनी पत्नी को बचाते आ रहे हैं। लोग समझते हैं कि वायरस खत्म हो चुका है। लेकिन, हादसे फिर भी होते रहते हैं। वेब सीरीज ‘स्वीट टूथ’ में वायरस तो बस दर्शकों को उलझाए रखने के लिए है, असल कहानी यहां गस और बिगमैन की ही है। गस अपनी मां की तलाश में निकला है। उसे लगता है बिगमैन उसे उसकी मां तक जरूर पहुंचा देगा। लेकिन ऐसा होगा क्या? और, इस सफर में क्या क्या घटने वाला है, इसे समझने के लिए आपको वेब सीरीज है, ‘स्वीट टूथ’ देखनी होगी।

Sweet Tooth Review By Pankaj Shukla Jim Mickle Netflix Christian Convery Nonso Anozie Adeel Akhtar
वेब सीरीज स्वीट टूथ का एक दृश्य - फोटो : नेटफ्लिक्स इंडिया

वार्नर ब्रदर्स की ये सीरीज इस सीजन का सुखद आश्चर्य बन गई। ये एक ऐसी सीरीज है जिसमें आपको जीवन का तजुर्बा छलकता दिखाई देता है। इंसानों और जानवरों के बीच की घटती दूरी दिखाई देती है। आपातकाल में इंसान का इंसान के प्रति बदलता रवैया दिखाई देता है और दिखाई ये भी देता है कि अगर कोरोना को काबू में न किया गया होता तो क्या होता? वेब सीरीज ‘स्वीट टूथ’ के कलाकारों ने भी बेहतरीन काम किया है। खासतौर से गस का किरदार कर रहे बच्चे क्रिश्चियन कॉनवेरी ने तो दिल जीत लिया। उसकी मासूमियत और उसकी बाल सुलभ कोशिशें इस सीरीज का ट्रम्प कार्ड हैं। टॉफी उसको बहुत पसंद है तो उसका नाम बिग मैन रख देता है, स्वीट टूथ। यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि गस के जो हिरण जैसे कान हैं, उनका संचालन स्पेशल इफेक्ट्स के जरिये पोस्ट प्रोडक्शन में नहीं बनाया गया है बल्कि ये शूटिंग के समय ही खास ट्रिक से संचालित किए गए हैं। कुछ कुछ कठपुतली की तरह।

विज्ञापन
Sweet Tooth Review By Pankaj Shukla Jim Mickle Netflix Christian Convery Nonso Anozie Adeel Akhtar
वेब सीरीज स्वीट टूथ का एक दृश्य - फोटो : नेटफ्लिक्स इंडिया

वेब सीरीज ‘स्वीट टूथ’ में अदाकारी में दूसरे नंबर पर रहे हैं नॉन्सो एनोजी। डिजिटल दुनिया के दर्शक उन्हें ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में देख चुके हैं। उनके चेहरे पर किरदार के लिए जरूरी कठोरता है पर उनकी आंखें बहुत कुछ कहती हैं। उनमें ममता भी है, करुणा भी है और क्रोध भी। अभिनय का ये अजय देवगन सरीखा कॉम्बीनेशन है। आदित्य सिंह के किरदार में अदील अख्तर और उनकी पत्नी रानी के किरदार में अलीजा ने भी अच्छा काम किया है। दोनों की जोडी का ट्रैक संक्रमण काल में एक दंपती का संघर्ष बखूबी बयां करता है। गस के पिता का रोल करने वाले विल फोर्टे ने शुरू के दो एपीसोड में बेहतरीन अदाकारी की है। दरअसल ये विल का बनाया मैदान ही है जहां गस ने जिंदगी को खेलना सीखा है। बाकी कलाकारों ने भी जहां जैसा मौका मिला, कहानी का पूरा समर्थन दिया है।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें Entertainment News से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और Movie Reviews आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed