पिछले साल एक फ्लॉप और एक औसत फिल्म के बाद इस साल की मेगा फ्लॉप दे चुके अभिनेता वरुण धवन की ब्रांडिंग टीम इन दिनों ओवरटाइम कर रही है। वरुण की टीम उन निर्देशकों के दफ्तरों के भी चक्कर काट रही है, जिनकी फिल्में उन्होंने सुपरस्टार का तमगा मिलने के बाद ठुकरानी शुरू कर दी थीं। ऐसी ही एक फिल्म उन्नीस का नाम वरुण धवन की तरफ से बार बार उछाला जा रहा है। लेकिन, अभी तक न तो इस फिल्म की शूटिंग डेट अनाउंस हुई है और न ही रिलीज डेट।
'अंधाधुन' को मना करने वाले वरुण धवन फिर लौटे श्रीराम की देहरी पर, मिटाना चाहते हैं फ्लॉप का 'कलंक'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिंदी सिनेमा के फिल्म निर्माताओं ने पिछले एक दशक से अपनी फिल्म की शुरुआत घोषित करने के साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी ब्लॉक करनी शुरू कर दी है। इस काम में फिल्म प्रोडक्शन हाउस की रिसर्च और मार्केटिंग टीम लंबा समय खपाती है और फिल्म के विषय के हिसाब से फिल्म की रिलीज डेट तय की जाती है। वरुण धवन युवाओं में काफी लोकप्रिय रहे हैं और ऐसे में उनकी फिल्में अमूमन युवाओं को ध्यान में रखते ही रिलीज की जाती हैं।
वरुण धवन ने पिछले साल अपने करियर की बड़ी फ्लॉप फिल्म दी, अक्टूबर। फिर वह अनुष्का शर्मा के साथ फिल्म सुई धागा में नजर आए। फिल्म बहुत बड़ी हिट साबित नहीं हो सकी तो यशराज फिल्म्स ने वरुण धवन का चैप्टर वहीं बंद कर दिया। और, इस साल वरुण धवन के खाते में पिछले एक दशक की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में से एक का कलंक लग चुका है। वरुण धवन का मार्केट बॉक्स ऑफिस पर डांवाडोल है। खाते में उनके ले देकर सिर्फ दो फिल्में हैं, स्ट्रीट डांसर और कुली नंबर वन। कुली नंबर वन खुद उनके पिता डेविड धवन बना रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस पर वरुण धवन की घटती चमक की बढ़ाने के लिए वरुण धवन की मार्केटिंग टीम लगातार उनका नाम श्रीराम राघवन की अगली फिल्म उन्नीस से जोड़ती रही है। सोमवार को फिर इस फिल्म का जिन्न बोतल से बाहर आया और फिल्म के निर्माता दिनेश विजन और निर्देशक श्रीराम राघवन के हवाले से ये जताने की कोशिश की गई कि भारत पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए युद्ध के शहीद अरुण खेत्रपाल की ये बायोपिक आज के समय के हिसाब से बतानी कितनी जरूरी है।
यहां उल्लेखनीय ये है कि कारिगल युद्ध के शहीद विक्रम बत्रा की बायोपिक को परदे पर लाने में इसके हीरो सिद्धार्थ मल्होत्रा को नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं। पहले वह यह बायोपिक अपने बूते किसी नए निर्माता के साथ बना रहे थे लेकिन जब महीनों तक किसी फिल्म वितरक कंपनी ने घास नहीं डाली तो सिद्धार्थ वापस अपने गॉडफादर करण जौहर के पास लौटे। करण ने जब से इस फिल्म को अपने कब्जे में लिया है, इसकी थोड़ी बहुत चर्चा तो चल रही है लेकिन शेरशाह नामक ये फिल्म मार्केट में अब भी गर्म नहीं हो पा रही है। यही हाल वरुण धवन की फिल्म उन्नीस का है। उनका मार्केट इतना डाउन है कि फिल्म के निर्माता दिनेश विजन फिल्म को लॉन्च करने की तारीख तक नहीं बता पा रहे हैं, रिलीज की तारीख बताना तो उनके लिए फिलहाल नामुमकिन है।