टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 12वें सीजन को अपनी दूसरी करोड़पति मिल गई है। यह करोड़पति हैं मोहिता शर्मा। मोहिता पेशे से एक आईपीएस अफसर हैं। उनकी तैनाती इस समय जम्मू और कश्मीर में है। उन्होंने शादी भी की है इंडियन फॉरेस्ट सर्विस ऑफिसर रुषल गर्ग से। एक करोड़ तक के सवाल का जवाब मोहिता बिना किसी झिझक के दे चुकी थीं लेकिन सात सात करोड़ का जैकपॉट उनके हाथ नहीं लगा।
KBC 12 Mohita Sharma: पति 20 साल से करते रहे कोशिशें, मोहिता ने पहली ही बार में जीत लिए एक करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीवी पर 'केबीसी' को चलते हुए 20 साल हो गए लेकिन मोहिता ने कभी इस शो पर आने का विचार नहीं किया। अमर उजाला को मोहिता ने बताया, 'मेरे पति रुषल गर्ग इस शो में आने के लिए पिछले 20 साल से कोशिश कर रहे हैं लेकिन उनका मौका कभी नहीं लगा। मैंने इस बार उनके ही कहने पर सोनी लिव एप्लीकेशन पर जाकर रजिस्ट्रेशन किया और पहली बार में ही मुझे इस शो में आने का मौका मिल गया।' मोहिता के इस दौड़ में बाजी मारने से उनके पति बिल्कुल निराश नहीं हैं। मोहिता ने बताया, 'इस शो में मेरे आने से मेरे पति बहुत खुश हैं। उन्हें इस चीज पर गर्व है कि जो काम वह पिछले 20 साल में नहीं कर पाए, वह मैंने पहले ही साल में कर दिया।'
अमिताभ बच्चन की मेजबानी में चलने वाले रियलिटी शो 'केबीसी' ने मोहिता को करोड़पति तो बना दिया लेकिन अब तक उन्होंने यह नहीं सोचा कि आखिर वह इतने पैसे का करने क्या वाली हैं? मोहिता ने खुशी जताते हुए कहा, 'अब मैं करोड़पति तो बन गई हूं लेकिन इसको खर्च करने के बारे में अभी तक मैंने कुछ नहीं सोचा। पूरा परिवार मिलकर जो भी फैसला लेगा, इन पैसों का वही होगा। मेरे परिवार में मेरे माता-पिता हैं जो दिल्ली में रहते हैं। और मेरे सास-ससुर और देवर मोहाली में रहते हैं।'
मोहिता का भरा पूरा परिवार है। सबकी सहमति से ही वह इस पैसे का उपभोग करने का फैसला लेंगे। फिलहाल तो मोहिता के करोड़पति बनने से उनका पूरा परिवार बहुत खुश है। मोहिता ने बताया, 'मेरी शादी को सिर्फ एक ही साल बीता है। मेरे पति ने मुझे बताया कि वह जबसे केबीसी शुरू हुआ है, तब से ही इस शो में आने के लिए कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, उनका मौका कभी लगा ही नहीं। मैंने पहली बार में ही यह कर दिखाया। इस समय सभी लोग बहुत खुश हैं और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।'
पूरी दुनिया में हजारों सवाल हैं और उनके उत्तर भी जाहिर तौर पर हजारों हैं। अपने सामान्य ज्ञान को तेज करने के बारे में मोहिता ने बताया, 'जब मैंने सिविल सर्विस की तैयारी की थी, तब से ही मेरा सामान्य ज्ञान बहुत अच्छा रहा है। मैं अक्सर पढ़ने में अपना समय बिताती हूं। जब इस शो में आने से पहले हमें क्वारंटीन किया गया, उस वक्त भी मैंने अपने पूरे सामान्य ज्ञान को फिर से कुरेद डाला। मुझे लगता है कि वही काम मेरे यहां काम आया।'