भाजपा ने गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल और चौरीचौरा से पूर्व विधायक संगीता यादव की निष्ठा पर भरोसा जताया है। पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों का टिकट काट दिया गया था, लेकिन वे पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नहीं गए। पार्टी ने जिसे टिकट दिया, उसका प्रचार भी किया। अब पार्टी ने राज्यसभा का प्रत्याशी बनाकर बड़ा इनाम दिया है। दूसरी तरफ पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री शिव प्रताप शुक्ला और जय प्रकाश निषाद का टिकट काट दिया गया है। शिव प्रताप व जय प्रकाश अभी राज्यसभा के सदस्य हैं।
Rajya Sabha Ticket: गोरखपुर में रंग लाई डॉ राधा मोहन व संगीता की वफादारी, भाजपा ने बनाया राज्यसभा प्रत्याशी
डॉ राधा मोहन व संगीता यादव को भाजपा पार्टी नेतृत्व ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। दोनों ने राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है। वहीं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री शिव प्रताप शुक्ला व जय प्रकाश निषाद का टिकट कट गया है।
इसी का नतीजा रहा कि विधायक ने नाराजगी नहीं जताई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव प्रचार में जुट गए। योगी का नामांकन कराने कलेक्ट्रेट गए और घर-घर जाकर वोट भी मांगा। अब पार्टी ने राज्यसभा का प्रत्याशी बनाकर इनाम दिया है। ठीक इसी तरह चौरीचौरा से भाजपा विधायक रहीं संगीता यादव का टिकट भी काटा गया था। संगीता चुनाव की तैयारी में जुटी थीं। इसी बीच पता चला कि चौरीचौरा सीट भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के खाते में चली गई है। संगीता का टिकट कट गया।
हालांकि, संगीता ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद के बेटे सरवन निषाद को भाजपा ने अपने टिकट पर चुनाव लड़ाया और वह जीतकर लखनऊ पहुंच गए। टिकट कटने के बाद भी संगीता निराश नहीं हुईं और पार्टी प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में जुट गईं। पार्टी के अलग-अलग कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेती रहीं। अब पार्टी ने राज्यसभा प्रत्याशी बनाकर बड़ी सौगात दी है।
पहले से तैयार थी डॉ राधा मोहन को टिकट देने की पृष्ठभूमि
डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल 2002 से 2022 तक विधायक रहे हैं। वह विधानसभा का चुनाव पांच बार जीते और हर बार जीत का अंतर बढ़ता गया। 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में भी जुटे थे, लेकिन शहर विधानसभा क्षेत्र से योगी आदित्यनाथ को चुनाव मैदान में उतार दिया गया। टिकट कटने के बाद ही गृहमंत्री अमित शाह ने डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल को फोन किया था। साफ कहा था कि पार्टी नेतृत्व उचित फैसला लेगा। गोरखपुर दौरे के दौरान भी गृहमंत्री ने डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल को खास तवज्जो दी थी। चुनाव प्रचार के सिलसिले में गोरखपुर एयरपोर्ट आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व विधायक की खैरियत पूछी थी। साथ ही नई दिल्ली बुलाकर डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री ने भी उचित फैसला लेने का भरोसा दिलाया था।
दो सांसदों का टिकट काटा, दो पूर्व विधायकों को मौका
भाजपा ने गोरखपुर से दो प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारकर पहले से निर्धारित कोटा बरकरार रखा है। पार्टी ने इस बार पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री रहे शिव प्रताप शुक्ला को टिकट नहीं दिया है। शिव प्रताप का कार्यकाल भी पूरा हो गया है। बताया जा रहा है कि शिव प्रताप को दोबारा टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी तरह जय प्रकाश निषाद को दोबारा मौका नहीं मिला है। जय प्रकाश भी राज्यसभा सांसद हैं। इसका मतलब है कि पार्टी ने दो सांसदों के टिकट काटकर गोरखपुर के दो पूर्व विधायकों को मौका दिया है।
घोषित प्रत्याशियों की बात
राज्यसभा प्रत्याशी डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि राज्यसभा का प्रत्याशी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल का आभार है। महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। इसका निर्वहन पूरी ईमानदारी व जिम्मेदारी से करना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की जनता की भावनाओं का पार्टी नेतृत्व ने सम्मान किया है, जो पूर्व विधायक को सक्रिय राजनीति में देखते रहना चाहते हैं।
राज्यसभा प्रत्याशी संगीता यादव ने कहा कि राज्यसभा जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासपरक नीतियों को आगे बढ़ाना है। पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी दी है, उसका निर्वहन ईमानदारी से किया जाएगा। भाजपा ऐसी पार्टी है, जो समाज के हर तबके को साथ लेकर चलती है। मुख्य एजेंडा विकास है। जाति-धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर काम करती है।