उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के सहायक अभियंता केके सिंह के तबादले पर भाजपा विधायकों और सांसदों की तकरार जारी है। नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल ने फेसबुक पेज पर पोस्ट डालकर कैंपियरगंज से भाजपा विधायक फतेहबहादुर सिंह पर हमला बोला है। वहीं, शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन ने नगर विधायक पर तीखा हमला बोला है। सांसद ने कहा कि विधायक शहर के विकास में बाधक बन गए हैं।
भाजपा विधायक व सांसदों में वार-पलटवार जारी, सांसद रवि किशन ने कहा- 'शहर के विकास में बाधक बने हैं नगर विधायक'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर-देवरिया फोरलेन के सिंघड़िया में सड़क की ऊंचाई व सहायक अभियंता के तबादले पर खिंची तलवार अब जगजाहिर हो गई है। सोशल मीडिया की मदद से वार-पलटवार किया जा रहा है। नगर विधायक ने कैंपियरगंज से भाजपा विधायक को निशाने पर लिया। नगर विधायक के समर्थन में बांसगांव से भाजपा विधायक डॉ विमलेश पासवान ने लिखा-सत्यमेव जयते। इसका मतलब है कि नगर विधायक को बांसगांव से भाजपा सांसद कमलेश पासवान के साथ ही उनके छोटे भाई व विधायक डॉ विमलेश पासवान का भी साथ मिल गया है। अब एक सांसद व छह विधायक सहायक अभियंता के समर्थन में हैं।
दूसरी तरफ दो विधायक और एक सांसद विरोध में उतर आए हैं। वहीं भाजपा सांसद रवि किशन ने बृहस्पतिवार को सिंघड़िया के सड़क की जलभराव युक्त फोटो फेसबुक पर शेयर की। लिखा कि अब स्थिति बदल गई है। सड़क ऊंची और अच्छी हो रही है। बारिश में पानी नहीं लगेगा। पहले घुटने तक पानी लगता था।
सांसद रवि किशन ने नगर विधायक पर बोला तीखा हमला
शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन ने नगर विधायक पर तीखा हमला बोला है। सांसद ने अमर उजाला संवाददाता को फोन करके कहा कि कोरोना संकट में नगर विधायक कहां हैं? क्या कर रहे हैं? किसी को पता है क्या? सांसद शिविर कार्यालय से 3 लाख किलोग्राम राशन बंटवाया है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में भी गए। वह 18 वर्षों से नगर विधायक हैं। उनके घर के सामने पानी भरता है। मेरे घर के सामने की खराब सड़क भी उन्हीं के विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। नगर विधायक शहर के विकास में बाधक बने हैं। बेबुनियाद आरोप लगाकर नाले का निर्माण रुकवा दिया है। अब सिंघड़िया की सड़क की ऊंचाई खटक रही है। बारिश में उस सड़क पर जाकर देखा था। शहर क्षेत्र में ऐसी जलभराव वाली सड़क किसको अच्छी लगती है। जिस तरह से सड़क ऊंची हो रही है, उसी तरह से जनता की हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
कैंपियरगंज विधायक ने दी डॉ. आरएमडी अग्रवाल को चुनौती
सोशल मीडिया पर नगर विधायक के आरोपों से तिलमिलाए कैंपियरगंज के विधायक फतेहबहादुर सिंह ने भी देररात पलटवार किया और नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल को चुनौती दी। फतेहबहादुर सिंह ने कहा कि नगर विधायक को अपनी प्रसिद्धि की गलतफहमी हो गई है। वह इस्तीफा देकर कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ें, उन्हें अपने प्रसिद्ध होने का एहसास हो जाएगा। मैं इस्तीफा देकर शहर विधानसभा से चुनाव लड़ता हूं और जीतकर दिखाता हूं। फतेहबहादुर ने खुद पर लगाए गए एक-एक आरोपों का जवाब भी दिया है।