गोरखपुर शहर में जाम से निपटने के लिए किए गए सभी इंतजाम फिर फेल होते दिख रहे हैं। बेहतर ट्रैफिक के लिए डिवाइडर में बने कटों को बंद करना ही परेशानी का सबब बन गया है। हालत यह है कि जाम के लिए बदनाम सोमवार जैसी स्थिति शहर में हर रोज बनने लगी है।
Traffic News: गोरखपुर शहर का जाम, अब हर दिन हो जाता है 'सोमवार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानकारी के मुताबिक, शहर में जाम से निपटने की जितनी भी कोशिश की जा रही है, उससे हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। खुद पुलिस अफसर भी बोलने लगे है कि बिना फ्लाईओवर और सड़कों को चौड़ा किए जाम से मुक्ति नहीं मिल सकती है। लेकिन, जाम से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयोगों पर कोई कुछ नहीं बोल रहा है। जाम से निपटने के लिए एडीजी अखिल कुमार भी सड़क पर उतरे थे। इसकी शुरुआत उन्होंने मोहद्दीपुर से ही की थी।
मोहद्दीपुर समेत शहर के अन्य हिस्सों में जाम से निजात के लिए डिवाइडर के कटों को बंद करने का फैसला लिया गया। सरकारी खर्च से डिवाइडर बंद भी हो रहे हैं, लेकिन इसका फायदा मिलने की जगह लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। हालत यह है कि दस मीटर का सफर पूरा करने के लिए लोगों को दो से तीन किलोमीटर आगे जाना पड़ रहा है। फिर मुड़कर आने के चक्कर में जाम और बढ़ जा रहा है।
कट बंद होने से ऐसे हो रही परेशानी
मोहद्दीपुर चौराहे से आरकेबीके की ओर जाने वाली सड़क पर गोपाल मंदिर के सामने बड़ी आबादी रहती है। डिवाइडर के कट बंद हो जाने की वजह से इन लोगों को दिक्कत हो रही है। सब यही चाहते हैं कि कट को दोबारा से खोल दिया जाए। कट बंद होने से इन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। यही नहीं इनकी वजह से सड़क की दूसरी साइड पर ट्रैफिक का लोड बढ़ जाता है, जिससे जाम लग जाता है।
प्राइवेट बस भी मुसीबत
शहर में प्रयोग के तौर पर सभी बसों को बाहर कराया गया तो इसका असर नजर आया था। मगर, एक बार फिर इसकी छूट मिलते ही जाम बढ़ गया। सबसे ज्यादा मुसीबत प्राइवेट बसों की वजह से है। विश्वविद्यालय चौक के पास सड़क की दोनों ओर प्राइवेट बस का अघोषित स्टैंड बन गया है। ये बस वाले मोहद्दीपुर और शहर के अन्य हिस्सों से होकर गुजरते हैं, जिससे जाम लगता है। इन्हें कई बार शहर से बाहर करने का फैसला लिया गया, लेकिन सख्ती से अमल नहीं हो पाया।
बढ़ा जाम तो बंद कर दी गईं सिग्नल लाइटें
मोहद्दीपुर में जाम बढ़ने पर सिग्नल लाइट से ट्रैफिक न चलाने का फैसला लिया गया। पुलिस वालों ने मैनुअल ट्रैफिक की कमान संभाली। इसके बाद कहीं जाकर थोड़ी राहत मिल पाई।
एसपी ट्रैफिक डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि गोरखपुर शहर में जाम की समस्या से निजात के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। समस्याओं को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु हो जाएगी।