Visit Handawada Waterfalls: फिल्म बाहुबली ब्लाॅकबस्टर थी। इस फिल्म को देखने वालों को फिल्म की कहानी, प्रभास की एक्टिंग और अन्य कलाकारों का दमदार अभिनय जितना पसंद आया, उतना ही इसका फिल्मांकन, शूटिंग लोकेशन ने भी दर्शकों को प्रभावित किया। खूबसूरत नजारे, जंगल, पहाड़, नदियां और झरनों के बीच फिल्म की शूटिंग हुई। इन दृश्यों को देख आपके दिमाग में भी आया होगा कि काश इतनी खूबसूरत जगह आप भी पास से देख सकते। अक्सर फिल्मों में दिखने वाली जगहों से ही आप प्रभावित होते हैं और ट्रिप पर उन्हीं जगहों पर जाने का प्लान बनाते हैं। ऐसे में फिल्म बाहुबली के पहले ही दृश्य में प्रभास को खूबसूरत और विशाल झरने के बीच देखकर आपका मन भी जरूर किया होगा कि आप इस झरने को पास से देख सकें। अगर आप इस खूबसूरत लोकेशन पर जाना चाहते हैं, तो हुबहू ऐसा ही झरना छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। अगर आप भी बाहूबली जैसे खूबसूरत झरने को देखना चाहते हैं तो जानें छत्तीसगढ़ में स्थित हांदावाड़ा जलप्रपात के बारे में।
Handawada Waterfalls: फिल्म बाहुबली जैसा झरना देखना चाहते हैं पास से, तो घूम आएं हांदावाड़ा वॉटरफॉल
हांदावाड़ा वाॅटरफाॅल कहां स्थित है?
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिला के ओरछा ब्लाक में हांदावाड़ा नाम का वाटरफॉल है। हांदावाड़ा यहां का सबसे खूबसूरत और ऊंचा झरना है, जो बिल्कुल बाहुबली फिल्म की तरह है। दरअसल, छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के मैदानों से नाले की धार बहती हुई डोंगरी जाती है, जहां यह झरने का रूप ले लेता है। इस वाटरफॉल की ऊंचाई करीब 300 फीट है।
आसपास का नजारा
हांदावाड़ा वाटरफॉल के ठीक ऊपर एक और जलप्रपात दिखता है। इसका नजारा देखने लायक होता है। आसपास घने जंगल हैं, जहां पक्षियों की चहचहाहट और झरने के बहाव की आवाजें गूंजती हैं। प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण यह जगह किसी का भी मन मोह लेगी।
फिल्म बाहुबली जैसा नजारा
फिल्ममेकर्स बाहुबली के पहाड़ वाले सीन की शूटिंग यहीं करना चाहते थे, लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण उन्हें शूटिंग की अनुमति नहीं मिल सकी और बाद में लोकेशन बदलना पड़ा।
हांदावाड़ा जलप्रपात तक पहुंचने का तरीका
अगर आप इस वाटरफॉल को देखने के लिए जाना चाहते हैं तो हवाई सेवा, ट्रेन या बस से छत्तीसगढ़ की यात्रा कर सकते हैं। हालांकि यहां पर्यटन सुविधाओं का अभाव है, इस कारण अधिक टूरिस्ट नहीं हांदावाड़ा नहीं पहुंच पाते। वहीं नक्सल क्षेत्र होने के कारण भी यहां का रास्ता आसान नहीं है। लेकिन अगर आप एडवेंचर और नेचर लवर हैं तो हांदावाड़ा वाटरफॉल देखने जा सकते हैं। दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय से यह वाटरफॉल 65 किमी की दूरी पर है। यहां पहुंचने के लिए मुचनार इंद्रावती घाट पर पहुंचकर नाव से नदी पार करने के बाद आपको 15 किमी की दूरी तय करनी होती है। वाटरफॉल तक पहुंचने के लिए पांच किलोमीटर का सफर पैदल मार्ग है।