भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शनिवार को प्रदेश भर में सेवा सप्ताह की शुरुआत करते हुए पहले दिन स्वच्छता अभियान चलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन मंत्री अशोक कटारिया व प्रभारी मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने हमीरपुर में सफाई अभियान की शुरुआत की। राजधानी लखनऊ में आधा दर्जन मंत्रियों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया। प्रदेश के सभी जिलों में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
लखनऊ में आधा दर्जन मंत्रियों ने चलाया सफाई अभियान, डिप्टी सीएम ने दीवारों पर की पेंटिंग, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेवा सप्ताह की शुरुआत करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्रियों से लेकर भाजपा संगठन के पदाधिकारियों, सांसदों व विधायकों तक ने झाडू़ लगाई। साथ ही बालगृहों, अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और अस्पतालों में फल व मिठाइयां बांटीं। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल राजधानी में मोहान रोड स्थित राजकीय बालगृह में 149 विशिष्ट बच्चों के बीच अभियान में शामिल हुए। उन्हें फल व मिठाइयां बांटीं। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास कार्यक्रम भी देखे।
डॉ. दिनेश शर्मा ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, शिविर कार्यालय में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। निदेशालय के विभिन्न पटल कार्यालयों और वहां रखी फाइलों का भी निरीक्षण और साफ-सफाई की। उन्होंने परिसर की चारदीवारी पर रंगाई-पुताई कार्यक्रम में भी बडे़ उत्साह के साथ भाग लिया।
बता दें कि 14 से 20 सितंबर तक माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यालयों व विद्यालयों में सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य सचिव आरके तिवारी, प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला भी मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, कानून मंत्री बृजेश पाठक, राज्यमंत्री मोहसिन रजा, अजीत पाल और भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह राजधानी लखनऊ में अलग-अलग स्थानों पर स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने अलीगढ़ के इगलास में सेवा सप्ताह की शुरुआत की। वन मंत्री दारा सिंह चौहान और खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने बाराबंकी में तथा अन्य मंत्रियों ने भी अपने-अपने विभागों में सफाई अभियान चलाया।
हमीरपुर में भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सेवा सप्ताह के दौरान होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संस्कार मिलेगा। उनमें त्याग व सर्मपण की भावना बढ़ेगी। प्रधानमंत्री का एक-एक फैसला गरीबों की सेवा, कल्याण व सम्मान के लिए है। अभियान के सहसंयोजक मनोज पोसवाल ने बताया कि अभियान 20 सितंबर तक चलेगा।
इस दौरान सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, पालिका अध्यक्ष से लेकर बोर्ड के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य जनप्रतिनिधि किसी स्कूल, कॉलेज या तकनीकी संस्थान में एक कार्यक्रम में अवश्य शामिल होंगे। वे स्वच्छता, जल संरक्षण और पॉलिथीन पर पाबंदी पर मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम में शामिल लोगों को शपथ दिलाएंगे।