एक दिन मौसम साफ रहने के बाद सोमवार को दोबारा प्रदेश में बर्फबारी और बारिश हुई। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फबारी से लकदक हो गए हैं।
मैदानी क्षेत्रों में दिन भर बूंदाबांदी जारी रही। बुधवार और वीरवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है।
ताजा बर्फबारी से पर्यटकों सहित स्थानीय कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पूरे प्रदेश में 24 फरवरी तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को बारिश-बर्फबारी के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
रविवार रात और सोमवार तड़के रोहतांग दर्रा में 45, कोकसर-मढ़ी में 30, केलांग-सोलंगनाला में 10 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई। बर्फबारी से लाहौल में सड़कें आवाजाही के लिए बंद हो गई हैं। कुल्लू में कई सड़कों पर भूस्खलन होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को लाहौल के लिए होने वाली तीन उड़ानें भी खराब मौसम के चलते नहीं हो सकीं। घाटी में करीब दो दर्जन मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।