पेड़ पर तेंदुआ देख लोगों के होश फाख्ता, जाम लगा जताया गुस्सा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पेड़ पर चढे इस तेंदुए को उतारने के लिए मौके पर बुलाए गए वन्य प्राणी विभाग के कर्मचारी उसे उतारने में नाकाम रहे। इससे नाराज लोगों ने कुछ देर तक लिंक रोड पर जाम लगाया। देर रात को तेंदुआ पेड़ से उतरकर खेतों की ओर भाग गया। तेंदुए के डर से ग्रामीण खेतों में जाने से डर रहे हैं।
गांव पिपलीवाला से करीब 200 मीटर की दूरी पर राजबीर के खेतों में सफेदे के पेड़ लगे हुए हैं। इनमें से एक पेड़ पर राजबीर ने रविवार देर शाम को एक तेंदुए को देखा। राजबीर ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ गए और दूर से ही तेंदुए को पेड़ से उतारने के लिए शोर मचाने लगे। तेंदुआ पेड़ से नहीं उतरा। किसी की हिम्मत पेड़ के नजदीक जाने की नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस व वन्य प्राणी विभाग को दी। अंधेरा हो जाने पर ग्रामीण टार्च की रोशनी तेंदुए के आंखों में मारते रहे, ताकि डरकर वह नीचे उतर जाए, लेकिन तेंदुआ पेड़ पर ही बैठा रहा।
इस दौरान बिलासपुर के एसएचओ दयाल चंद, रणजीतपुर चौकी प्रभारी सुरेश व वन्य प्राणी विभाग से सहायक जयदेव व अन्य मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तेंदुए को पेड़ से उतारने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हुए। कई घंटों की कोशिश के बाद वन्य विभाग के कर्मचारियों ने इस तेंदुए को पकड़ने में अपनी बेबसी जाहिर कर दी। इससे गुस्साए ग्रामीण पिपलीवाला-रणजीतपुर मार्ग पर सड़क के बीच बैठ गए और जाम लगा दिया।
एसएचओ दयाल चंद के समझाने के बावजूद ग्रामीण जाम हटाने को राजी न हुए। पेड़ के पास से ग्रामीणों के हटने पर तेंदुआ मौका पाकर पेड़ से उतर कर अंधेरे में खेतों की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने हिम्मत करके उसके भागने की दिशा में तलाश की लेकिन तेंदुए का कुछ पता नहीं चला। इस दौरान पुलिस व वन्य विभाग के कर्मचारी सुबह फिर से आने का वादा करके वहां से चले गए। ग्रामीणों ने तेंदुए की दहशत से सारी रात जागकर ही काटी।