पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की सभा में अलर्ट! यहां कार्यक्रम में तीन संदिग्ध पकड़े गए, इंदौर से निकला कनेक्शन
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बांसवाड़ा जिले के घाटोल दौरे के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। युवकों के मोबाइल में राजे के कार्यक्रम की जानकारी और फोटो मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं।
विस्तार
वसुंधरा राजे घाटोल कस्बे में श्री महाकालेश्वर शिवालय के स्वर्ण शिखर और मां अम्बे मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सम्मिलित होने पहुंची थी। इसी दौरान तीन युवकों के संदिग्ध होने की सूचना मिली। पुलिस ने तीनों संदिग्ध को अपनी हिरासत में लिया और घाटोल थाने ले गई।
मोबाइल में कार्यक्रम व फोटो मिले
बताया जा रहा है कि पुलिस ने तीनों संदिग्धों की तलाशी ली तो उनके मोबाइल में वसुंधरा राजे के कार्यक्रम की पूरी जानकारी के साथ फोटो भी थे। तीनों संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है। तीनों संदिग्धों को बस से बांसवाड़ा से प्रतापगढ़ होकर उदयपुर जाना था, लेकिन उनके घाटोल में उतर जाने की मंशा पर सवाल उठाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों संदिग्ध में दो युवक समुदाय विशेष के हैं। राजे का घाटोल के बाद त्रिपुरा सुंदरी पहुंचकर जयपुर के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम था। पुलिस तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। वहीं घाटोल पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने राजे का स्वागत किया।
ये भी पढ़ें- Jodhpur News: अवैध अफीम और गांजा खेती के खिलाफ डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
गातोड़ मंदिर में पूजा
इससे पहले राजे ने सलूम्बर जिले के जयसमंद क्षेत्र के वीरपुरा स्थित प्रसिद्ध गतोड़जी मंदिर पहुंचकर दर्शन के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उदयपुर पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से उदयपुर-सलूम्बर मेगा हाईवे होते हुए बांसवाड़ा के घाटोल के लिए रवाना हुई। वीरपुरा स्थित गतोडजी मंदिर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वागत किया। मंदिर में राजे ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

जयसमंद के गातोडजी मंदिर में कार्यक्रम के दौरान मौजूद स्थानीय जनसमुदाय।

जयसमंद के गातोडजी मंदिर में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का स्वागत करते हुए ।