सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Barmer News ›   Rajasthan Weather Update: Barmer Crosses 48°C Amid Severe Heatwave, Scorching Winds Disrupt Life

Rajasthan Weather Update: पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का कहर, बाड़मेर में 48 पार पहुंचा पारा, लू से हाल-बेहाल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर Published by: जैसलमेर ब्यूरो Updated Wed, 13 May 2026 10:12 PM IST
विज्ञापन
सार

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। जैसलमेर से लेकर बाड़मेर तक तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन, पर्यटन कारोबार और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
 

Rajasthan Weather Update: Barmer Crosses 48°C Amid Severe Heatwave, Scorching Winds Disrupt Life
पश्चिमी राजस्थान में झुुलसाने वाली गर्मी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

राजस्थान इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है, जहां पश्चिमी जिलों में हालात लगातार भयावह होते जा रहे हैं।  जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा सहित कई जिलों में सूरज आग बरसा रहा है और तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। तेज गर्म हवाओं और झुलसाती धूप के कारण लोगों को 50 डिग्री जैसी तपिश महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम बताई है।
Trending Videos


जैसलमेर में हालात सबसे ज्यादा गंभीर नजर आ रहे हैं। यहां सुबह 10 बजे के बाद से ही लू का असर शुरू हो जाता है और देर शाम तक गर्म हवाएं लोगों को झुलसाती रहती हैं। दोपहर के समय शहर में कर्फ्यू जैसे हालात दिखाई दे रहे हैं। आम दिनों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों से गुलजार रहने वाले बाजार, चौक-चौराहे और पर्यटन स्थल लगभग खाली नजर आ रहे हैं। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

Rajasthan Weather Update: Barmer Crosses 48°C Amid Severe Heatwave, Scorching Winds Disrupt Life
लू के थपेड़ों ने बढ़ाई उलझनें - फोटो : अमर उजाला
भीषण गर्मी का असर पर्यटन उद्योग पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जैसलमेर के प्रसिद्ध सैम और खुहड़ी के रेतीले धोरों पर दिन के समय पर्यटकों की आवाजाही लगभग बंद हो चुकी है। रेत इतनी गर्म हो गई है कि कुछ मिनट खड़ा रहना भी मुश्किल हो रहा है। होटल व्यवसायियों, टैक्सी चालकों, ऊंट संचालकों और हस्तशिल्प कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार मई की गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 

गर्मी का असर अब आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक सड़कें सूनसान हो जाती हैं। स्कूल-कॉलेजों में उपस्थिति कम हो गई है और बाजारों में रौनक घटने लगी है। बाइक और कारों की सीटें तक तपने लगी हैं। कई इलाकों में बिजली की मांग बढ़ने से कटौती की समस्या भी सामने आने लगी है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। 

ये भी पढ़ें: Barmer Weather Update: बाड़मेर में आग उगल रहा सूरज, 48 पार पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
 

स्वास्थ्य विभाग ने भी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन को लेकर चेतावनी जारी की है। सरकारी अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में उल्टी, दस्त, चक्कर, तेज बुखार और बेहोशी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डॉक्टरों ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले मजदूरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने, हल्के कपड़े पहनने और अधिक मात्रा में पानी, छाछ तथा ओआरएस लेने की अपील की गई है। 

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। जैसलमेर में ट्रैफिक पुलिस जवानों की ड्यूटी दो शिफ्टों में बांटी गई है ताकि दोपहर के सबसे गर्म समय में उन्हें राहत मिल सके। साथ ही जवानों के लिए पानी और इलेक्ट्रोल की व्यवस्था भी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि यदि हवाओं का रुख नहीं बदला तो आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। 
 

Rajasthan Weather Update: Barmer Crosses 48°C Amid Severe Heatwave, Scorching Winds Disrupt Life
सूनी पड़ी सड़कें - फोटो : अमर उजाला
बालोतरा में भी हालात गंभीर
सिर्फ जैसलमेर ही नहीं, बल्कि बालोतरा और आसपास के क्षेत्रों में भी गर्मी का कहर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में बालोतरा में तापमान करीब 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में यहां तापमान 47 से 50 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है।

दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं के कारण बाजारों में रौनक कम हो गई है। ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट भी गहराने लगा है। खेतों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिक सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई लोग दिन के समय काम रोकने को मजबूर हैं।
 

Rajasthan Weather Update: Barmer Crosses 48°C Amid Severe Heatwave, Scorching Winds Disrupt Life
झुलसाती धूप से जनजीवन अस्त-व्यस्त - फोटो : अमर उजाला
देशभर में सबसे गर्म बाड़मेर
मई माह शुरू होते ही बाड़मेर में सूरज की तेज गर्मी और लू के थपेड़ों का असर बढ़ गया है। यहां पारा 48 डिग्री के पार पहुंच गया है। सूरज की तेज तपिश की वजह से गर्मी में लोगो के पसीने छूट रहे है। बाड़मेर में गर्मी की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन के साथ अब रातें भी गर्म रहने लगी हैं। जिसके चलते लोगों को रात को भी आराम नहीं मिल रहा है।

मौसम विभाग ने आगामी 3 दिनों तक भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। 15 मई तक राहत की संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम पारा 46 से 48 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। 43 से 45 डिग्री तक रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ या हवा के नहीं चलने तक गर्मी से राहत की संभावना नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed