Rajasthan News: झाड़ियों में मिला नवजात शिशु, मुंह पर बंधा था कपड़ा; ममता को शर्मसार करने वाली घटना
Bharatpur News: भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में झाड़ियों में नवजात शिशु मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चे के मुंह पर कपड़ा बंधा था और शरीर पर खरोंच के निशान थे। ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां बच्चा आईसीयू में भर्ती है। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र के नगला झीलरा गांव में गुरुवार को एक नवजात शिशु के झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चा गंभीर अवस्था में था और उसके शरीर पर आवारा जानवरों के खरोंच के निशान पाए गए। ग्रामीणों ने जब बच्चे को देखा तो गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मुंह पर कपड़ा बांधकर झाड़ियों में छोड़ा गया बच्चा
गांव की महिलाओं ने बताया कि सुबह झाड़ियों के पास से रोने की हल्की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो नवजात झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला और उसके मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था ताकि उसकी आवाज बाहर न जा सके। यह देखकर ग्रामीण दंग रह गए। बच्चा पूरी तरह कमजोर और घायल अवस्था में था।
ग्रामीण युवक ने दिखाई इंसानियत
घटना की सूचना गांव के भीम सिंह नामक युवक को दी गई, जिसने तत्काल बच्चे को उठाकर सेवर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए उसे भरतपुर के जनाना अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बच्चे को आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: बर्थडे पार्टी के बाद युवक को सरियों से बेरहमी से पीटा, रीढ़ की हड्डी और हाथ-पैर तोड़े; मौत
बाल कल्याण समिति ने ली मामले की जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजा राम भूतोली अपनी टीम के साथ जनाना अस्पताल पहुंचे और बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली। समिति ने बताया कि बच्चा अब चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
सेवर थाना पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि नवजात को किसने और क्यों झाड़ियों में छोड़ा, इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- रेलवे भर्ती फर्जीवाड़ा: डमी कैंडिडेट घोटाले में CBI की कार्रवाई, राजेंद्र मीणा बर्खास्त; 140 लोगों को नोटिस
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.