Rajasthan Monsoon: प्रदेश में अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम? किन जिलों में होगी भारी बारिश; IMD का अलर्ट जारी
Rajasthan Weather: भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले चार से पांच दिन मानसून सक्रिय रहेगा। कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। पहले सप्ताह सामान्य से अधिक वर्षा के आसार हैं, जबकि तापमान सामान्य रहने और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Rajasthan Weather: भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले चार से पांच दिन मानसून सक्रिय रहेगा। कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। पहले सप्ताह सामान्य से अधिक वर्षा के आसार हैं, जबकि तापमान सामान्य रहने और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र ने राजस्थान के लिए 24 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक का विस्तारित मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार राज्य में अगले चार से पांच दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई जिलों में मध्यम से भारी, जबकि कुछ स्थानों पर अति भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।
क्या है मौसम विभाग की भविष्यवाणी?
मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई को कोटा, उदयपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। वहीं जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
25 जुलाई को भी अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 26 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में मध्यम से भारी वर्षा की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं।
आईएमडी के अनुसार पूर्वानुमान अवधि के पहले सप्ताह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। हालांकि दूसरे सप्ताह में पूर्वी राजस्थान में बारिश सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में सामान्य से कम वर्षा दर्ज हो सकती है।
क्या कहती है एक हफ्ते की रिपोर्ट?
रिपोर्ट के अनुसार 17 से 23 जुलाई के दौरान राजस्थान में सामान्य से 23 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में राज्य में 32.1 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 41.8 मिमी रहा। पूर्वी राजस्थान में 19 प्रतिशत और पश्चिमी राजस्थान में 30 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान के मोर्चे पर भी लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दोनों सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।