'युवाओं की चिंता है तो डोटासरा पर करें एक्शन': पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस पर बरसे भाजपा नेता गौरव वल्लभ
गौरव वल्लभ ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बचाव करते हुए कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा, परिणाम और मेरिट से जुड़े मामलों में त्वरित कदम उठाए तथा जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। पढे़ं पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में वर्ष 2018 से 2023 के बीच कई प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, लेकिन उस समय के शिक्षा मंत्री रहे गोविंद सिंह डोटासरा को बाद में कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। गौरव वल्लभ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वह डोटासरा के खिलाफ कार्रवाई करने का साहस दिखाएंगे।
गौरव वल्लभ ने कहा कि राजस्थान में आरपीएससी, रीट, शिक्षक भर्ती और सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती सहित करीब 19 प्रमुख परीक्षाओं के पेपर लीक होने के आरोप लगे। उनका कहना था कि जिस शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ, उसी व्यक्ति को पार्टी की प्रदेश इकाई की कमान सौंप दी गई। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि यदि उन्हें युवाओं के भविष्य की इतनी चिंता है तो डोटासरा के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाती।
उन्होंने डोटासरा के परिवार और कथित रूप से उनके करीबी लोगों से जुड़ी नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। गौरव वल्लभ ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वह जयपुर आकर अपने नाम से एफआईआर दर्ज कराएं और इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करें। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में युवाओं के मुद्दे पर गंभीर है तो उसे पेपर लीक और कथित नियुक्तियों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
पढे़ं: देश की दुर्लभ सफेद ऊंट नस्ल पर संकट, वैज्ञानिकों ने तैयार किया विशेष प्रजनन समूह; जानें
गौरव वल्लभ ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बचाव करते हुए कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा, परिणाम और मेरिट से जुड़े मामलों में त्वरित कदम उठाए तथा जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। उनके अनुसार, सरकार नहीं चाहती कि देश की युवा शक्ति किसी राजनीतिक हथकंडे या भ्रम का शिकार बने। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवा सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने विपक्षी दलों पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नई पीढ़ी वंशवाद की राजनीति से नाराज है। उनका कहना था कि युवाओं के मुद्दों पर राजनीति करने वाले दलों को पहले पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट करनी चाहिए। अंत में गौरव वल्लभ ने राहुल गांधी से राजस्थान आकर डोटासरा के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अपने सवालों का जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल प्रदर्शन और राजनीतिक बयान देने से गंभीरता साबित नहीं होती, बल्कि युवाओं के साथ न्याय के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।