Himachal: एचपीयू में बीएड की खाली सीटों के लिए होगा मॉपअप राउंड, स्पॉट राउंड से भरेंगी आईटीआई की खाली सीटें
विश्वविद्यालय के अनुसार बीएड प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के लिए 53 अंक और एससी, एसटी, ओबीसी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के लिए 45 अंक प्राप्त करने वाले पात्र अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग ने बीएड प्रवेश प्रक्रिया में खाली सीटों को भरने के लिए मॉपअप ऑनस्पॉट राउंड की प्रक्रिया जारी कर दी है। यह ऑफलाइन काउंसलिंग 10 और 11 अगस्त को विश्वविद्यालय सभागार में होगी। विश्वविद्यालय के अनुसार बीएड प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के लिए 53 अंक और एससी, एसटी, ओबीसी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के लिए 45 अंक प्राप्त करने वाले पात्र अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। 10 अगस्त को उप-श्रेणियों में खाली बची सीटों को संबंधित मुख्य श्रेणियों में शामिल किया जाएगा। 11 अगस्त को बची हुई सभी सीटों को अनारक्षित ओपन सीट माना जाएगा। इन सीटों पर केवल हिमाचल प्रदेश के बोनाफाइड अभ्यर्थी अपनी श्रेणी और स्ट्रीम की परवाह किए बिना प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
विश्वविद्यालय ने बताया कि मॉपअप राउंड में आवेदन के दौरान गलत भरी गई जानकारी को अभ्यर्थी 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क जमा कर ठीक कर सकेंगे। इसके अलावा पहले के राउंड में कॉलेज आवंटित होने के बावजूद कॉलेज न पहुंचने वाले या कॉलेज बदलने के इच्छुक अभ्यर्थी भी इस राउंड में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए उन्हें 1500 रुपये अतिरिक्त शुल्क जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवश्यक निर्देशों के लिए एचपीयू की आधिकारिक वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल देखने की सलाह दी है।
स्पॉट राउंड से भरी जाएंगी आईटीआई की खाली सीटें
हिमाचल प्रदेश के सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026-2027 के लिए खाली रह गईं सीटों को भरने की कवायद शुरू हो गई है। निदेशालय तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, सुंदरनगर की ओर से एससीवीटी और एनसीवीटी के अंतर्गत इन रिक्त सीटों के लिए 8 से 14 अगस्त तक संस्थान स्तर पर स्पॉट राउंड काउंसलिंग करवाई जाएगी। सरकारी आईटीआई नाहन के प्रधानाचार्य अशरफ अली ने बताया कि तकनीकी शिक्षा विभाग ने इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और समयसारिणी जारी कर दी है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश के लिए नए और बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को 8 से 10 अगस्त तक ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण कर शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद नए पूर्व पंजीकृत और बाहरी राज्यों के इच्छुक अभ्यर्थियों को आठ से 11 अगस्त (सुबह 11:00 बजे तक) संबंधित संस्थान में आवेदन फार्म की प्रति जमा करनी होगी। संस्थान स्तर पर 11 अगस्त को सुबह 11:00 बजे के बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी। रिक्त सीटों के लिए मुख्य काउंसलिंग 12 से 14 अगस्त तक होगी।
प्रधानाचार्य अशरफ अली ने बताया कि स्पॉट राउंड में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। गैर-पंजीकृत अभ्यर्थियों को 10 अगस्त तक हर हाल में रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। अभ्यर्थियों को पोर्टल से अपने आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालकर उसके साथ 10वीं की अंकतालिका (मैट्रिक मार्क्स शीट) और अपने वर्ग/उपवर्ग से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों की कॉपियां संलग्न करनी होंगी। इन दस्तावेजों को 08 से 11 अगस्त की सुबह 11 बजे तक संबंधित आईटीआई संस्थान में जमा करवाना सुनिश्चित करना होगा।
मौके पर फीस न दी तो रद्द हो जाएगा प्रवेश
काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेजों (ओरिजनल सर्टिफिकेट), उनकी फोटोकॉपी और एक फोटो पहचान पत्र के साथ व्यक्तिगत रूप से संस्थान में उपस्थित होना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि काउंसलिंग के दौरान किसी अभ्यर्थी को सीट आवंटित होती है, तो उसे निर्धारित शुल्क और फंड का भुगतान उसी समय मौके पर करना होगा। फीस जमा न करने की सूरत में प्रवेश तुरंत रद्द कर दिया जाएगा और वह सीट मेरिट में अगले पात्र अभ्यर्थी को दे दी जाएगी।