हिमाचल: म्यूटेशन करने के लिए मांगी दो लाख रिश्वत, कानूनगो, पटवारी और सहायक गिरफ्तार
शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने सहायक को एक लाख रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद पूछताछ के आधार पर कानूनगो और पटवारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कानूनगो, पटवारी और उनके सहायक को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन का म्यूटेशन करने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने सहायक को एक लाख रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद पूछताछ के आधार पर कानूनगो और पटवारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
ऐसे जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़े
शिकायतकर्ता पूर्ण चंद ने विजिलेंस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि कानूनगो बंसी लाल और पटवारी अरुण धीमान ने म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के अनुसार, रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लेने के लिए दोनों अधिकारियों ने अपने सहायक ललित कुमार को भेजा था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने आरोपों का सत्यापन किया और गोहर में ट्रैप बिछाया। जैसे ही ललित कुमार ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद की कार्रवाई में कानूनगो बंसी लाल और पटवारी अरुण धीमान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा
बताया जा रहा है कि कानूनगो बंसी लाल कुछ ही दिनों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। विजिलेंस थाना मंडी में तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। डीएसपी विजिलेंस प्रियंक गुप्ता ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान रिश्वत मांगने की पूरी साजिश, अन्य संभावित संलिप्त लोगों और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की गहन पड़ताल की जाएगी।