Himachal Weather: भूस्खलन से 153 सड़कें ठप; किन्नौर कैलाश यात्रा दूसरे दिन भी बंद, एक सप्ताह बरसेंगे बादल
राज्य में शनिवार शाम 6:00 बजे तक भूस्खलन से 153 सड़कें ठप रहीं। 92 बिजली ट्रांसफार्मर व 77 जल आपूर्ति स्कीमें भी बाधित हैं। माैसम विभाग ने राज्य में एक सप्ताह तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में बारिश से जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं जारी हैं। राज्य में शनिवार शाम 6:00 बजे तक भूस्खलन से 153 सड़कें ठप रहीं। 92 बिजली ट्रांसफार्मर व 77 जल आपूर्ति स्कीमें भी बाधित हैं। सबसे अधिक सड़कें मंडी, शिमला व कुल्लू जिले में बंद हैं। माैसम विभाग ने राज्य में एक सप्ताह तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। पांच जिलों के लिए दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में भी माैसम खराब बना हुआ है।
लगातार दूसरे दिन भी बंद रही किन्नौर कैलाश यात्रा, अब 15 अगस्त तक होगी संचालित
खराब मौसम के कारण किन्नौर कैलाश यात्रा पिछले दो दिनों से बंद है। प्रशासन ने शनिवार को भी श्रद्धालुओं को तांगलिंग और गणेश बाग बेस कैंप से आगे नहीं भेजा। शुक्रवार को भी श्रद्धालुओं को इन्हीं बेस कैंप में रोका गया था। वहीं, प्रशासन ने किन्नौर कैलाश यात्रा को लेकर प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए अब किन्नौर कैलाश यात्रा 15 अगस्त तक संचालित की जाएगी। 15 अगस्त को यात्रा का समापन कर दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार दूसरे बेस कैंप मलिंग खट्टा(गणेश बाग) से कैलाश की ओर यात्रा शुरू की जाएगी या नहीं, इसका फैसला हर रोज रात 11:00 बजे लिया जाएगा।
नाले में जलस्तर और यात्रा मार्ग की स्थिति का निरीक्षण करेगी टीम
गणेश गुफा और मलिंग खट्टा में तैनात टीम गुफा के समीप स्थित नाले में जलस्तर और यात्रा मार्ग की स्थिति का निरीक्षण करेगी। परिस्थितियां सुरक्षित पाए जाने पर ही रात 11 बजे के बाद यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि अंतिम निर्णय आने तक इंतजार करें और बिना अनुमति के आगे न बढ़ें। किन्नौर कैलाश यात्रा संचालन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि दो दिन यात्रा बाधित रहने के कारण अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रा से वंचित रहे श्रद्धालुओं को आगामी दिनों में यात्रा का अवसर मिल सके। उन्होंने सभी यात्रियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इस मानसून में अब तक 152 लोगों की गई जान
राज्य में माैजूदा मानसून सीजन में 30 जून से 8 अगस्त तक 152 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 240 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 86 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई। 22 पक्के व 41 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। 248 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। 12 दुकानें व 210 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा 197 पालतु पशुओं की माैत हो गई। कुल नुकसान का आंकड़ा 83,509.52 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
इन जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 14 अगस्त तक बारिश का दाैर जारी रहेगा। आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 9 अगस्त को ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा जिले में कुछ जगहों पर येलो अलर्ट है। 10 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी और सोलन में येलो अलर्ट है। 11 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, शिमला और सोलन जिले के लिए येलो अलर्ट है। 12 अगस्त के लिए बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में अलर्ट है।
कहां कितनी बारिश
बीते 24 घंटों के दाैरान धर्मशाला में 48.1, बजौरा 31.5, मनाली 22.0, स्लापड़ मंडी 21.8, भुंतर 21.0, मुरारी देवी 20.0, कोठी 18.0, जोगिंद्रनगर 16.0, सराहन 15.6 सुंदरनगर 15.0, शिमला 15.0 व धौलाकुआं में 14.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.