Himachal Weather: हिमाचल में 11 अगस्त तक बरसेंगे बादल, पांच जिलों के लिए दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
अनुकूल मौसमी स्थितियों के कारण राज्य के कई भागों में आगामी छह दिन भारी बारिश होने की संभावना है। पांच जिलों में दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में पर्यटकों व स्थानीय लोगों को एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मानसून और अनुकूल मौसमी स्थितियों के कारण राज्य के कई भागों में आगामी छह दिन भारी बारिश होने की संभावना है। पांच जिलों में दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से शुक्रवार शाम को जारी ताजा पूर्वानुमान में इसकी जानकारी दी गई है। विभाग के अनुसार 7 से 13 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से लगातार हवाएं चलने की संभावना है। जबकि निचली और मध्यम पहाड़ियों पर कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। आज भी शिमला सहित अन्य भागों में माैसम खराब बना हुआ है।
जानें किस जिले के लिए काैन से दिन क्या अलर्ट
माैसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अगस्त को मध्य पहाड़ियों और उनसे सटे निचले पहाड़ी इलाकों या मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की बहुत संभावना है। 8 अगस्त को कांगड़ा, सिरमौर, मंडी जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का येलो अलर्ट है। वहीं 9 अगस्त को ऊना, कांगड़ा, सिरमौर व मंडी जिले में कुछ जगहों पर बारिश का येलो अलर्ट है। इसी तरह 10 अगस्त के लिए कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला, सोलन व किन्नाैर जिले के लिए येलो अलर्ट है। 11 अगस्त को चंबा, मंडी, सिरमाैर व कुल्लू जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन व किन्नाैर के लिए येलो अलर्ट है।
पर्यटकों-स्थानीय लोगों के लिए जरूरी सलाह
- भूस्खलन/कीचड़ धंसने/अचानक बाढ़ वाले इलाकों में जाने से बचें।
- ऐसे इलाकों में जाने से बचें जहां अक्सर जलभराव की समस्या होती है।
- सभी नदियों, धाराओं, नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- गति सीमा और ट्रैफिक से जुड़ी सलाहों का पालन करें।
- मौसम संबंधी अलर्ट,सलाह की जानकारी रखें।
- राज्य सरकार की ओर से जारी सलाह, दिशा-निर्देशों का पालन करें।
कहां कितनी बारिश
बीते 24 घंटों के दाैरान धर्मशाला में 79.0, जोगिंद्रनगर 76.0, मंडी 63.4, कंडाघाट सोलन 63.2, जटाैन बैराज 62.0, मंडी एडब्ल्यूएस 61.4, शिमला 54.6, सुंदरनगर 22.7, नाहन 28.6, पालमपुर 37.0, मनाली 47.0, कुफरी 40.0, कसाैली 28.0, सराहन 40.7, मशोबरा 34.0 व बजाैरा में 28.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
162 सड़कें ठप, मानसून में अब तक 143 लोगों की गई जान
भारी बारिश-भूस्खलन से शुक्रवार शाम 6:00 बजे तक राज्य में 162 सड़कें ठप रहीं। इसके अलावा 105 बिजली ट्रांसफार्मर व 73 जल आपूर्ति स्कीमें भी प्रभावित हैं। उधर, राज्य में इस मानसून सीजन में 30 जून से 7 अगस्त तक 143 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 226 लोग घायल हुए। 197 पालतु पशुओं का नुकसान हुआ। अब तक 83,467.45 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। 22 पक्के, 41 कच्चे मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। जबकि 242 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। 203 गोशालाएं भी तबाह हो गईं।