Action: भारत सरकार की बड़ी कार्रवाई, कई VPN एप्स-वेबसाइट पर लगा बैन, गूगल और एपल ने भी हटाया
गृह मंत्रालय ने Google और Apple को इन VPN एप्स को हटाने का आदेश दिया था। यह अनुरोध 29 अक्टूबर को Google को भेजा गया था, जिसकी जानकारी Lumen डेटाबेस पर देखी गई।

विस्तार
भारत में Google Play Store और Apple App Store से कई वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) एप्स को हटा दिया गया है। टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम सरकार द्वारा अप्रैल 2022 में जारी किए गए नियमों के तहत उठाया गया है, जिसमें VPN सेवा प्रदाताओं को अपने उपयोगकर्ताओं की जानकारी लेनी और स्टोर करने की आवश्यकता थी। VPN कंपनियों और सरकार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

गृह मंत्रालय का आदेश
TechCrunch के अनुसार, गृह मंत्रालय ने Google और Apple को इन VPN एप्स को हटाने का आदेश दिया था। यह अनुरोध 29 अक्टूबर को Google को भेजा गया था, जिसकी जानकारी Lumen डेटाबेस पर देखी गई।
हटाए गए प्रमुख एप्स की लिस्ट
- 1.1.1.1 एप (Cloudflare)
- Touch VPN
- X-VPN
- Hide.me
- PrivadoVPN
2022 के नियम और उनकी प्रतिक्रिया
अप्रैल 2022 में भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने निर्देश दिया था कि VPN प्रदाता अपने ग्राहकों की जानकारी, जैसे नाम, पते, IP पते, और संपर्क विवरण को पांच वर्षों तक संग्रहीत करें। कई VPN प्रदाताओं ने इन नियमों का पालन करने के बजाय भारत में अपने भौतिक सर्वर बंद कर दिए, लेकिन अपनी सेवाएं जारी रखीं। यह कार्रवाई इन नियमों के तहत पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।