आगरा। सिख धर्म के पहले गुुरु नानक देवजी का 552वां प्रकाश पर्व 19 नवंबर को सभी गुरुद्वारों में मनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को ही गुरुद्वारा गुरु का ताल, गुरुद्वारा माईथान व अन्य गुरुद्वारों में भव्य सजावट की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से गुरुद्वारे नहा उठे। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा विजय नगर कॉलोनी और गुरुद्वारा शाहगंज की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई। ‘ऐसे गुरु को बल-बल जाइए, आप मुकत मोहे तारे...’ आदि शबद गाए गए।
कमला नगर से प्रभातफेरी की शुरूआत हुई। समापन गुरुद्वारा विजय नगर कॉलोनी में हुआ। प्रभातफेरी के समापन के बाद संगत ने गुरु नानक देव जी की वाणी का उच्चारण किया। प्रभातफेरी में महेंद्र पाल सिंह, गुरमीत सिंह सेठी, सुखपाल सिंह भोजवानी, रोहित कत्याल, नंदकिशोर, नंदलाल, काली भाई, बबलू व्यापी, मोहित आदि शामिल रहे। गुरुद्वारा शाहगंज से निकाली गई प्रभातफेरी रोशनी कुकरेजा के निवास पर संपन्न हुई। कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रमुख बॉबी आनंद, शंटी, मुकेश, सुनील कर्मचंदानी, राजीव अरोड़ा आदि शामिल रहे।
शुक्रवार को प्रकाश पर्व पर मुख्य आयोजन केंद्रीय संस्था श्री गुरु सिंह सभा माईथान पर होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार सजेगा। गुरुद्वारा शाहगंज, लोहामंडी, शहीद नगर, सदर बाजार सहित अन्य गुरुद्वारों में शाम को 07:30 से रात 09:30 बजे तक कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी समन्वयक बंटी ग्रोवर ने दी। गुरुद्वारा गुरु के ताल में मुख्य कार्यक्रम शाम 05:00 से रात 10:00 बजे तक होगा। गुरुद्वारा गुरु का ताल पर भव्य सजावट की गई है। मीडिया प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि इस बार प्रदूषण के स्तर को देखते हुए आतिशबाजी कम की जाएगी। गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह व श्री गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कंवलजीत सिंह ने कार्यक्रम में संगत से शामिल होने की अपील की है।