हाईकोर्ट : एपीओ-2025 का रिजल्ट रद्द, आरक्षित वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को जनरल में नहीं मिला था मौका
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एपीओ 2025 परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट ने आरक्षित वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को जनरल कैटेगरी में शामिल न करने पर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया है।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम को निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को आरक्षण के नियमों के अनुरूप नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने और संशोधित परिणाम के आधार पर दोबारा मुख्य परीक्षा कराने का आदेश दिया है। इससे पहले आयोग ने 28-30 जून तक मुख्य परीक्षा कराई थी। हालांकि इसका परिणाम जारी नहीं किया गया।
कोर्ट ने कहा कि ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए है। इसमें अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को शामिल न करना मनमाना और भेदभावपूर्ण है। यह आदेश न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम ने पंकज वर्मा और दो अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर दिया है।
याचिका में 30 अप्रैल को घोषित एपीओ प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम और आयोग के नौ जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन को चुनौती दी गई थी। याचियों का कहना था कि आरक्षित वर्ग के ऐसे अभ्यर्थियों को भी ओपन कैटेगरी की मेरिट सूची में जगह मिलनी चाहिए जिन्होंने सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इस आधार पर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से घोषित किया जाए।
ओपन कैटेगरी सभी वर्ग के लिए : हाईकोर्ट
हाईकोर्ट ने कहा कि ओपन कैटेगरी किसी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। आरक्षित वर्ग का कोई अभ्यर्थी सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी से अधिक अंक पाता है, तो उसे ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाना चाहिए। ऐसा नहीं हो सकता कि प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा में उसे आरक्षित वर्ग में रखा जाए और अंतिम चयन के समय ही ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाए।
