प्रयागराज : क्षेत्रीय संपर्क योजना की चार उड़ानें अब तक बंद, विमानन कंपनियां कर रही हैं मनमानी
यह हाल तब है जब विमानन कंपनी इंडिगो को यहां से पर्याप्त यात्री मिल रह थे। बावजूद इंडिगो ने यहां से अपनी सेवा बंद कर विमान दूसरे एयरपोर्ट के लिए लगा दिया। इसके पूर्व प्रयागराज से संचालित पटना और नागपुर उड़ान भी बंद हो चुकी है। इन दोनों को भी अब तक शुरू नहीं किया जा सका है, जबकि प्रयागराज से नागपुर का लोड फैक्टर काफी अच्छा था।
विस्तार
प्रयागराज में जहां एक ओर हवाई यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है वहीं क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत चल रहीं चार उड़ानें अब तक बंद की जा चुकी हैं। यह भविष्य में शुरू होंगी या नहीं, इसे लेकर भी असमंजस की स्थिति है। इतना ही नहीं प्रयागराज से संचालित कुछ उड़ानों के फेरे भी कम कर दिए गए हैं। यह स्थिति तब है जब संगमनगरी से विमानन कंपनियों को लगातार यात्री मिल रहे हैं।
प्रयागराज के सिविल एयरपोर्ट से विमानों की आवाजाही एक जनवरी 2019 से शुरू हुई है। क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत हवाई चप्पल पहनने वाला यात्री भी हवाई सफर करे इस उद्देश्य के साथ प्रयागराज से कई शहरों की सीधी कनेक्टिविटी की गई। कई शहरों के लिए यहां से पर्याप्त यात्री भी मिले, लेकिन विमानन कंपनियों ने ज्यादा मुनाफे के चक्कर में ‘उड़ान’ के तहत संचालित प्रयागराज-कोलकाता और प्रयागराज-गोरखपुर उड़ान बिना किसी सूचना के इसी वित्तीय वर्ष में बंद कर दी।
यह हाल तब है जब विमानन कंपनी इंडिगो को यहां से पर्याप्त यात्री मिल रह थे। बावजूद इंडिगो ने यहां से अपनी सेवा बंद कर विमान दूसरे एयरपोर्ट के लिए लगा दिया। इसके पूर्व प्रयागराज से संचालित पटना और नागपुर उड़ान भी बंद हो चुकी है। इन दोनों को भी अब तक शुरू नहीं किया जा सका है, जबकि प्रयागराज से नागपुर का लोड फैक्टर काफी अच्छा था।
प्रयागराज से संचालित पुणे व भोपाल उड़ान के भी इंडिगो ने फेरे कम कर दिए हैं। पुणे फ्लाइट जब शुरू हुई थी तब उसका संचालन सप्ताह में छह दिन हो रहा था, लेकिन उसे तीन दिन कर दिया गया है। इसी तरह प्रयागराज-भोपाल फ्लाइट भी सात दिन की जगह अब सप्ताह में चार दिन ही चल रही है।
21 लाख से ज्यादा यात्रियों की हो चुकी है आवाजाही
प्रयागराज एयरपोर्ट के निर्माण के बाद बीते 55 माह के दौरान यहां अब तक 21 लाख से ज्यादा यात्रियों की आवाजाही हो चुकी है। एक जनवरी 19 से 31 जुलाई 2023 के दौरान यहां 27255 विमानों का आवागमन हुआ। वर्तमान में यहां से दिल्ली और देहरादून की दो-दो एवं बंगलूरू, पुणे, मुंबई, रायपुर, बिलासपुर, इंदौर, भोपाल, लखनऊ, भुवनेश्वर की एक-एक सीधी उड़ान है।
पिछले दिनों बिना किसी सूचना के कोलकाता फ्लाइट एलाइंस एयर ने बंद की। इसके अलावा गोरखपुर उड़ान इंडिगो ने बंद की। उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस बारे में अवगत कराया गया है। महाकुंभ तक प्रयागराज से कई शहरों की सीधी उड़ान शुरू हो जाएगी। - केशरी देवी पटेल, सांसद एवं अध्यक्ष प्रयागराज एयरपोर्ट सलाहकार समिति
आज प्रयागराज नहीं आएगी जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस
जम्मूतवी से संबलपुर जाने वाली मुरी एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त रहेगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर पीआरओ डॉ. अमित मालवीय ने बताया कि परिचालनिक कारणों से गाड़ी संख्या-18310 मुरी एक्सप्रेस शुक्रवार को ही जम्मूतवी से निरस्त कर दी गई। इस वजह से यह गाड़ी शनिवार 26 अगस्त को प्रयागराज नहीं आएगी।