प्रयागराज : माफिया अतीक का गढ़ रहे चकिया से बड़ा सियासी संदेश देंगे सीएम योगी, सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
माफिया अतीक अहमद के गढ़ रहे चकिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़ा सियासी संदेश देंगे। माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 फ्लैट की पद्म लोक आवास योजना का भूमि पूजन करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के 556 लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी सौंपेंगे।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद का गढ़ रहे प्रयागराज के चकिया इलाके से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को बड़ा सियासी संदेश देंगे। सीएम योगी चकिया के कसारी मसारी में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्म लोक आवास योजना के लिए भूमि पूजन करेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ प्रयागराज में चार घंटे रहेंगे और इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनकी तीसरी जनसभा चकिया के कसारी मसारी में होगी, जहां कभी माफिया अतीक अहमद का आतंक हुआ करता था।
माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) 2-बीएचके वाले 602 फ्लैट की ग्रुप हाउसिंग बनाने जा रहा है। सीएम कसारी मसारी में एक घंटे रहेंगे और इस दौरान पीपलगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए 556 फ्लैटों के आवंटियों को चाबी भी सौंपेंगे। सीएम बृहस्पतिवार दोपहर 1:15 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे।
इसके बाद तेलियरगंज चौराहा के पास बाबू मसूरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और तेलियरगंज स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी के मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगे। अपराह्न तीन बजे गवर्नमेंट प्रेस मैदान में आयोजित मतदाता सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद कसारी-मसारी में पद्म लोक आवास योजना के भूमि पूजन एवं लाभार्थियों के चाबी वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
दोपहर 01:15 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर आगमन
दाेपहर 01:50 बजे तेलियरगंज चौराहे पर मसुरियादीन की प्रतिमा का अनावरण
दोपहर 02:00 से 02:50 बजे तक रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी मैदान पर जनसभा
अपराह्न 03:00 से 04:00 बजे तक गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा का मतदाता सम्मेलन
अपराह्न 04:15 से शाम 05:15 बजे तक कसारी मसारी में पद्म लोक आवास योजना का भूमि पूजन और पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी वितरण
शाम 05:35 बजे बम्हरौली एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवानगी
पांच साल पहले भी माफिया से छुड़ाई जमीन से दिया था सियासी संदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले लूकरगंज में माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई जमीन से सियासी संदेश दिया था। लूकरगंज में माफिया अतीक के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 76 फ्लैटों का निर्माण किया गया है। सीएम योगी ने 26 दिसंबर 2021 को इस योजना का शिलान्यास किया था और 30 जून 2023 को लूकरगंज पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के इन फ्लैटों का लोकार्पण किया था व लाभार्थियों को चाबी सौंपी थी।
सीएम के लिए रातों-रात बदल गई कर्बला से कसारी मसारी तक की सूरत
सीएम के प्रयागराज आगमन से पहले कर्बला से कसारी-मसारी तक की सूरत रातों-रात बदल गई। क्षतिग्रस्त सड़कें और डिवाइडर चकाचक हो गए। सड़कें रोशनी से जगमग हो उठीं और नालों पर ढक्कन लग गए। अचानक बदले इस नजारे को देख स्थानीय लोगों ने कहा, ‘काश सीएम रोज यहां आएं।’ सीएम बृहस्पतिवार को कसारी-मसारी में अतीक के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्म आवास योजना के लिए भूमि पूजन करेंगे। कर्बला से कसारी-मसारी तक तकरीबन 2.50 किमी की दूरी तक सड़क पर सैकड़ों गड्ढे थे जो 24 घंटे के भीतर गायब हो गए।
कसारी-मसारी में अतीक का पुश्तैनी मकान है जिसे प्रशासन के बुलडोजर ने जमींदोज कर दिया था। मकान के मलबे को हरा पर्दा लगाकर ढक दिया गया है। वहीं, कालिंदीपुरम में मौसम विहार आवास योजना के सामने साल भर से जर्जर सड़क भी रातों-रात चमक उठी है। उधर, मुख्यमंत्री को तेलियरगंज चौराहे पर मसुरियादीन की प्रतिमा का अनावरण भी करना है, सो वहां भी सड़क से गड्ढे गायब हो गए हैं और डिवाइडर भी रंग-रोगन से चमक रहे हैं। इसके अलावा गवर्नमेंट प्रेस की ओर से वाली कानपुर रोड पर भी डिवाइडर पेंट से चमक रहे हैं।
पांच साल पहले भी माफिया से छुड़ाई जमीन से दिया था सियासी संदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले लूकरगंज में माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे मुक्त कराई जमीन से सियासी संदेश दिया था। लूकरगंज में माफिया अतीक के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 76 फ्लैटों का निर्माण किया गया है।सीएम योगी ने 26 दिसंबर 2021 को इस योजना का शिलान्यास किया था और 30 जून 2023 को लूकरगंज पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के इन फ्लैटों का लोकार्पण किया था व लाभार्थियों को चाबी सौंपी थी।