UP: पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से स्मृति इरानी का नाम गायब, जिंदा लोगों के नाम काटे, मृतकों के जोड़े
प्रधान प्रतिनिधि तीरथराज मिश्र ने बताया कि स्मृति इरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सभी आवश्यक अभिलेख समय से बीएलओ को उपलब्ध कराए गए थे। इसके पर बावजूद उनका नाम सूची में नहीं जोड़ा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद गड़बड़ियों के मामले सामने आने लगे हैं। गौरीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत मेदन मवई में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन इरानी का नाम सूची में शामिल नहीं है, जबकि कई मृतकों के नाम अब भी दर्ज बताए जा रहे हैं। शाहगढ़ क्षेत्र की पनियार ग्राम पंचायत में 870 से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने का मामला सामने आया है।
मेदन मवई ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि तीरथराज मिश्र ने बताया कि स्मृति इरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सभी आवश्यक अभिलेख समय से बीएलओ को उपलब्ध कराए गए थे। इसके पर बावजूद उनका नाम सूची में नहीं जोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रभान सिंह, देवीबख्श, शिवमोहन, शिव बहादुर, मालती देवी, रामदुलारे, सुमन, राधा, रामकृपाल, रामपति और संतोष समेत कई मृतकों के नाम सूची में शामिल हैं, जबकि उनके नाम हटाने संबंधी दस्तावेज पहले ही जमा किए जा चुके थे।
ये भी पढ़ें - पंचायत वोट बैंक : पूर्वांचल की ताकत बढ़ी, पश्चिम की घटी, आंकड़ों में 11 जिलों में सबसे ज्यादा घटे मतदाता
ये भी पढ़ें - कॉकरोच जनता पार्टी का लखनऊ में प्रदर्शन, अभिजीत दीपके बोले- शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करेंगे
एसडीएम प्रीति तिवारी ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारी को जांच कर आवश्यक संशोधन के निर्देश दिए गए हैं। दावा-आपत्ति के आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे और अपात्र व मृतक मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।
स्मृति इरानी का नाम जोड़ने के लिए दिए थे अभिलेख
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है। पंचायत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवश्यक अभिलेख बीएलओ को दिए गए थे। इस संबंध में एसडीएम से वार्ता की गई है। उन्होंने आवश्यक सुधार का आश्वासन दिया है।
पनियार में 870 से अधिक मतदाताओं के नाम गायब
शाहगढ़ की पनियार ग्राम पंचायत में भी मतदाता सूची को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछली सूची में 3,419 मतदाता थे, जबकि नई सूची में संख्या घटकर 2,546 रह गई है। करीब 870 मतदाताओं के नाम गायब हो गए हैं। कई परिवार ऐसे हैं, जिनके सभी सदस्यों के नाम सूची से हट गए हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जांच की मांग की है।
16 लाख से अधिक वोटर तय करेंगे पंचायत की सरकार
पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच जिले की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। अब 16,16,891 मतदाता ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के प्रतिनिधियों की किस्मत तय करेंगे। अंतिम सूची के अनुसार जिले में 8,34,064 पुरुष और 7,82,827 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 51,237 अधिक है। पुनरीक्षण और संशोधन के बाद जारी यह सूची आगामी पंचायत चुनाव का आधार बनेगी।
जगदीशपुर में सबसे ज्यादा मतदाता
ब्लॉकवार आंकड़ों के अनुसार जगदीशपुर विकासखंड में 2,04,605 मतदाता हैं, जो जिले में सबसे अधिक हैं। सिंहपुर (1,71,785) और जामो (1,57,454) दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। शाहगढ़ में सबसे कम 67,544 मतदाता दर्ज किए गए हैं। जिले में 682 ग्राम पंचायतों के लिए 934 मतदान केंद्र और 2,489 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
मतदाता करें सत्यापन
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) ज्योति सिंह ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची संबंधित कार्यालयों, खंड विकास कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे सूची में दर्ज अपने नाम और विवरणों का सत्यापन कर लें और किसी त्रुटि की स्थिति में नियमानुसार संबंधित कार्यालय से संपर्क करें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.