आजमगढ़। कटरा स्थित जिला महासचिव मोहम्मद आमिर के आवास में सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, वार्डों के विकास तथा स्थानीय जनसमस्याओं पर चर्चा की गई। शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रवि यादव ने कहा कि वार्डों के विकास, बिजली, पानी, सड़क और सफाई जैसी जनसमस्याओं के समाधान तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे।जिला महासचिव मोहम्मद आमिर ने कहा कि वार्ड स्तर पर नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और बूथ स्तर की समितियों को सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ग्रेट निकोबार को बचाने के लिए एक सप्ताह का हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कॉर्पोरेट जगत द्वारा प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है, उसके विरोध में यह हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
इस अवसर पर कैप्टन अशोक वर्मा, गोविंद शर्मा, बालचंद्र राम, आरती, मंतराज यादव, मुशीर अहमद, देवी पांडेय, सोनू प्रजापति, बृजेश पांडेय, श्याम सुंदर गहलोत, प्रभात सोनकर, महताब आलम, मैहशर बेग आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष काजी रियाजुल हसन तथा संचालन जिला महासचिव मोहम्मद आमिर ने किया।